शहर

Ghaziabad Shalimar Garden News: गाजियाबाद में 20 रुपये के लिए हत्या, नशे के लिए पैसे न देने पर युवक को उतारा मौत के घाट

Ghaziabad Shalimar Garden Murder News Today: गाजियाबाद के शालीमार गार्डन इलाके में महज 20 रुपये को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। आरोपी ने उससे नशे के लिए पैसे मांगे थे। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

Image

20 रुपये के लिए युवक की हत्या

Photo : Times Now Digital

Ghaziabad Shalimar Garden Murder News Today:: गाजियाबाद में महज 20 रुपये को लेकर शुरू हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि नशे के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक ने अपने परिचित पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं आरोपी युवक वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को पकड़ने के लिए उसकी तलाश की जा रही है।

पैसे मांगने से शुरू हुआ विवाद

घटना शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के विक्रम एंक्लेव की बंगाली कॉलोनी की है। मृतक की पहचान मुश्ताक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मुश्ताक का परिचित समीर उर्फ गट्टू नशे का आदी थी। उसने नशा करने के लिए मुश्ताक से 20 रुपये मांगे, लेकिन मुश्ताक ने पैसे देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि समीर ने मुश्ताक पर चाकू से हमला कर दिया। हमला होने के बाद मुश्ताक ने अपनी जान बचाने का प्रयास किया और भाग कर घर के अंदर आ गया। लेकिन आरोपी ने उसका पीछा करते हुए घर के अंदर दोबारा उसपर चाकू से वार किया। हमले में मुश्ताक गंभीर रूप से घायल हो गया।

आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज

वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग तुरंत घायल मुश्ताक को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। दिनदहाड़े हुई हत्या की खबर मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से जरूरी सबूत जुटाए हैं। मृतक के परिवार की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

सहायक पुलिस आयुक्त शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 19 अगस्त को पीआरवी के जरिए विक्रम एंक्लेव की बंगाली कॉलोनी में चाकूबाजी की सूचना मिली थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी समीर उर्फ गट्टू (20) सीमापुरी थाना क्षेत्र की बंगाली कॉलोनी, दिल्ली का रहने वाला है और नशे का आदी बताया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि समीर पहले से मुश्ताक का परिचित था और घटना के बाद से फरार है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें प्रयास कर रही हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article