शहर

गाजियाबाद: इंदिरापुरम में लगी विकराल आग से फैली दहशत, सीएम योगी ने लिया संज्ञान, DM को मौके पर पहुंचने के निर्देश

Indirapuram society fire: मुख्यमंत्री ने जनपद गाजियाबाद में आग की घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के लिए कहा है।

Ghaziabad Fire News: यूपी के गाजियाबाद में बुधवार सुबह एक रिहायशी इमारत की आठवीं मंजिल पर आग लगने के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। आग पर काबू पाने का काम चल रहा है और आग तेजी से फैलती नजर आ रही है। दरअसल, इंदिरापुरम पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित 'गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी' में अचानक आग भड़क उठी। आग आठवीं मंजिल पर लगी और देखते ही देखते इसने कुछ ही समय में तेजी से फैलते हुए विकराल रूप धारण कर लिया। अब जहां सूबे के मुख्यमंत्री सीएम योगी ने आग की भीषण घटना पर संज्ञान लिया है। उन्होंने जिले के DM को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने जनपद गाजियाबाद में आग की घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के लिए कहा है। सीएम ने पुलिस कमिश्नर, डीएम को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने कहा कि लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगी।

आग में हुआ लोगों का भारी नुकसान

इंदिरापुरम के बहुमंजिला बिल्डिंग में मंगलवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 6 से 7 फ्लैट इसकी चपेट में आ गए। घटना के समय सुबह का वक्त था, ऐसे में ज्यादातर लोग अपने-अपने कामों में व्यस्त थे। कोई खाना बना रहा था, कोई नहा रहा था तो कुछ लोग बच्चों को स्कूल छोड़ने गए हुए थे। आग लगते ही बिल्डिंग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए सामान छोड़कर तुरंत नीचे की ओर भागने लगे।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, जो एक बड़ी राहत की बात है। लेकिन आग से लोगों का भारी नुकसान हुआ है और इलाके में अब भी डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय लोगों ने भगवान का शुक्रिया अदा किया कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर इमारतों में सुरक्षा इंतजामों को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वहीं, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। अब तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। आग लगने के बाद एहतियात के तौर पर 13 मंजिला सोसाइटी कॉम्प्लेक्स की बिजली काट दी गई, जिसके चलते सोसाइटी की लिफ्टें बंद हो गईं। ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोग चीखने-चिल्लाने लगे और मदद के लिए गुहार लगाने लगे। आग लगने से वहां दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article