शहर

Ghaziabad News: एलिवेटेड रोड पर चलती कार के डैशबोर्ड पर आया कोबरा, सूझ-बूझ से बची जान

गाजियाबाद के इंदिरापुरम एलिवेटेड रोड पर चलती कार में अचानक जहरीला कोबरा दिखाई देने से हड़कंप मच गया। लेकिन महिला चालक ने घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लिया और कार सुरक्षित रोककर ट्रैफिक पुलिस से मदद मांगी। जिसके बाद पुलिस ने सावधानी बरतते हुए कोबरा का रेस्क्यू किया।

Image

सांकेतिक फोटो

Ghaziabad News: गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एलिवेटेड रोड पर चलती कार में अचानक फन फैलाए कोबरा सांप दिखाई दिया। कार के केबिन में कोबरा देखकर महिला चालक के होश उड़ गए। लेकिन महिला ने घबराने के बजाय गजब की सूझबूझ दिखाई। उसने कार को किनारे पर रोक दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बाद में मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

कार में अचानक नजर आया कोबरा

जानकारी के अनुसार, राजनगर एक्सटेंशन निवासी मीनाक्षी शर्मा रोजाना की तरह बुधवार सुबह अपनी कार से नोएडा स्थित अपने ऑफिस के लिए निकली थी। कार जैसे ही इंदिरापुरम की एलिवेटेड रोड पर पहुंची, मीनाक्षी की नजर अचानक स्टीयरिंग और केबिन के पास बैठे एक कोबरा पर पड़ी। इस तरह चलती गाड़ी में अचानक जहरीला सांप देखने से कोई भी चालक डर कर नियंत्रण खो सकता था, लेकिन मीनाक्षी ने हिम्मत दिखाई। उसने बिना घबराए कार की रफ्तार धीमी की, उसे सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रोककर इंजन बंद कर दिया।

सुरक्षित तरीके से किया गया रेस्क्यू

कार से बाहर आने के बाद मीनाक्षी ने पास में तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को पूरी घटना बताई। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने सड़क पर ट्रैफिक को व्यवस्थित किया, ताकि किसी तरह की अफरा-तफरी न फैले। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने पूरी सावधानी के साथ कोबरा को कार से बाहर निकाला और उसे एक सुरक्षित डिब्बे में बंद कर दिया। रेस्क्यू के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जो पूरी घटना को देखने लगी।

कार में कैसे आया कोबरा?

पुलिस के मुताबिक, कोबरा आकार में भले ही छोटा था, लेकिन बहुत जहरीला था। आशंका जताई जा रही है कि सांप रात के समय या गाड़ी खड़ी होने के दौरान किसी तरह इंजन या निचले हिस्से के रास्ते केबिन में घुस गया था। लेकिन जब गाड़ी चली तो वह गर्मी के कारण बाहर आ गया। अगर सही समय पर महिला की नजर सांप पर नहीं पड़ती, तो चलती गाड़ी में कोबरा के काटने या हड़बड़ाहट में कार के बेकाबू होने से कोई बड़ा और भयानक हादसा हो सकता था। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रैफिक पुलिसकर्मी कार से कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू करते दिखाई दे रहे हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article