शहर

Ghaziabad News: मोदीनगर में गरजा बुलडोजर, जामा मस्जिद के बाहर 14 अवैध दुकानें जमींदोज

गाजियाबाद के मोदीनगर में प्रशासन ने जामा मस्जिद के बाहर बनी 14 अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान 700.9 वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिसकी कीमत लगभग 2.75 करोड़ रुपये है।

Image

प्रतीकात्मक फोटो (Canva)

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जिला प्रशासन ने सोमवार को मोदी नगर क्षेत्र के बेगमाबाद बुढाना गांव में जामा मस्जिद के बाहर सड़क किनारे बनी 14 अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन ने लगभग 700.9 वर्ग मीटर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराकर मोदीनगर नगर पालिका परिषद को सौंप दिया। सर्किल रेट के अनुसार इस जमीन की कीमत लगभग 2.75 करोड़ रुपये बताई गई है।

अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई 30 मई, 2026 को एसडीएम न्यायालय के आदेश के बाद की गई। अदालत ने विवादित भूमि को नगर पालिका परिषद की संपत्ति घोषित करते हुए उस पर बनी 14 दुकानों को अवैध करार दिया था। साथ ही मस्जिद समिति पर 2.22 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था। ध्वस्तीकरण अभियान उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मोदीनगर अजीत कुमार की देखरेख और सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) की मौजूदगी में चलाया गया। एसडीएम अजीत कुमार ने बताया कि अतिक्रमण हटाए जाने के बाद भूमि को मोदीनगर नगर पालिका परिषद को सौंप दिया गया है।

कार्रवाई से पहले दुकानदारों को मिला था नोटिस

पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई थी। क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों के अनुसार मस्जिद के बाहर की भूमि को लेकर नगर पालिका परिषद और मस्जिद समिति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। अदालत के आदेश के बाद दुकानदारों को 48 घंटे के भीतर दुकानें खाली करने का नोटिस दिया गया था। समय सीमा समाप्त होने पर प्रशासन ने कार्रवाई की।

कुछ दुकानदारों ने पहले ही दुकानें खाली कर दी थीं, जबकि शेष ढांचों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। प्रशासन ने बताया कि यह भूमि गेट नंबर 1014 के अंतर्गत सार्वजनिक मार्ग के रूप में दर्ज थी। कार्रवाई के दौरान दुकानों के बीच बना एक गेट भी ध्वस्त कर दिया गया। राजस्व विभाग, नगर पालिका परिषद और पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article