शहर

Hardoi News: हरदोई में राशन दुकान जांच के दौरान SDM पर हमला, गांव में भारी पुलिस बल तैनात

हरदोई के परियल गांव में राशन दुकान के निरीक्षण के दौरान शाहाबाद एसडीएम सुशील कुमार मिश्र पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। जिससे एसडीएम घायल हो गए और सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। जिसके बाद पुलिस ने गांव में सुरक्षा बढ़ा दी है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : PTI

SDM attacked in Hardoi: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में सरकारी जांच के दौरान भारी बवाल देखने को मिला। शाहाबाद के एसडीएम सुशील कुमार मिश्र पर परियल गांव में राशन दुकान के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। हमले में एसडीएम के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि सरकारी वाहन पर भी लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया गया। जिससे गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।

राशन दुकान निरीक्षण बना विवाद की वजह

जानकारी के अनुसार, एसडीएम शाहाबाद सुशील कुमार मिश्र सोमवार शाम परियल के पास बाढ़ चौकी का निरीक्षण कर लौट रहे थे। वापसी के दौरान उन्होंने गांव की अन्नपूर्णा राशन दुकान का औचक निरीक्षण किया। जांच में एक दुकान में राशन और दूसरी में अवैध रूप से परचून की दुकान संचालित पाए जाने पर उन्होंने आपत्ति जताई। इस पर वहां मौजूद उदयवीर नामक व्यक्ति ने कथित रूप से अभद्रता की। अधिकारियों और कर्मियों द्वारा उदयवीर को हिरासत में लेने की कोशिश के दौरान उसने फोन कर ग्रामीणों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद जैसे ही सरकारी वाहन गांव से बाहर निकलने लगा, लाठी-डंडों और पत्थरों से लैस भीड़ ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। इस दौरान एसडीएम के सिर में चोट लग गई।

एसडीएम की हालत स्थिर

घायल एसडीएम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शाहाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब स्थिर है। जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article