शहर

MP News: अनूपपुर में चार मंजिला बिल्डिंग ढहने से दो लोगों की मौत, मलबे में दबे कई लोग; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

अनूपपुर के कोतमा बस स्टैंड के पास चार मंजिला इमारत गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। मलबे में अभी भी 7-10 लोगों के फंसे होने की आशंका है। घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है, करीब 100 लोगों की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है।

Image

अनूपपुर में इमारत गिरने के बाद बचाव कार्य जारी

Anuppur Building Collapse: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। कोतमा बस स्टैंड के पास चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। जिसमें कम से कम दो लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटनास्थल पर अभी भी 7 से 10 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम मलबा हटाने में जुटी है। घायलों को बेहतर इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान हनुमान दीन यादव (55) और राम कृपाल यादव (40) के तौर पर हुई है। हादसे के समय दोनों लोग इमारत की चौथी मंजिल पर काम कर रहे थे। बिल्डिंग गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और उनकी हालत बेहद भयावह थी।

100 लोगों की टीम रेस्क्यू कार्य में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल, कलेक्टर हर्षल पंचोली और एसपी मोती-उर-रहमान मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर तेजी से राहत और बचाव कार्य जारी है। SDRF, NDRF, स्थानीय कोल माइंस की टीमों और भिलाई से आई रेस्क्यू टीमों समेत लगभग 100 लोगों की टीम मलबा हटाने में जुटी है। बताया जा रहा है कि एक अतिरिक्त टीम बनारस से भी पहुंच रही है। घटनास्थल पर करीब 10 से 12 एंबुलेंस भी मौजूद हैं। जेसीबी और क्रेन की मदद से मलबा हटाया जा है।

सीसीटीवी में कैद हुआ भयावह हादसा

यह हादसा शनिवार शाम को करीब 5:30 बजे हुआ। जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें इमारत भरभराकर गिरती हुई नजर आ रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह इमारत बस स्टैंड के पास स्थित होने के कारण वहां काफी भीड़ थी। हादसे के बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। इस घटना से आसपास की कई दुकानें भी इस हादसे की चपेट में आ गईं।

10 साल पुरानी थी इमारत

पुलिस ने बताया बस स्टैंड के पास स्थित यह बिल्डिंग अग्रवाल लॉज थी, जो करीब 10 साल पुरानी थी। पास में चल रहे निर्माण कार्य के कारण यह घटना होने की आशंका जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिल्डिंग एक तरफ गड्ढे की ओर झुककर गिरी, जिससे भारी धूल और धुआं आसपास फैल गया। हादसे के बाद मलबे के अंदर से लोगों के फंसे होने और मदद के लिए चीखने की आवाजें भी सुनाई दे रही थीं।

सीएम ने जताया हादसे पर शोक

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, बिल्डिंग के ठीक बगल में निर्माण कार्य के लिए करीब 12 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था, जिसमें पानी भर गया था। इससे इमारत की नींव कमजोर हो गई और यह हादसा हुआ। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस घटना पर दुख जताया है और अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article