Lucknow Airport Fire: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CCS Airport) से एक बड़ी घटना सामने आ रही है। एयरपोर्ट परिसर स्थित लेबर कैंप में मंगलवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस हादसे में दो मजदूरों के घायल होने की सूचना है, जिनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
पीवीसी से बनी थी अस्थायी बिल्डिंग
जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 6:30 बजे लगी और देखते ही देखते तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि इसका धुआं दूर से भी दिखाई दे रहा था। बताया जा रहा है कि जिस इमारत में आग लगी, वह एयरपोर्ट के टर्मिनल से महज 250 से 300 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसे निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के रहने के लिए अस्थायी तौर पर पीवीसी यानी प्लास्टिक सामग्री से तैयार किया गया था। प्लास्टिक से बनी होने के कारण आग तेजी से पूरी बिल्डिंग में फैल गई।
बिल्डिंग में रहते थे करीब 300 मजदूर
एयरपोर्ट परिसर में बनी इस इमारत में कुल 33 छोटे कमरे थे। यहां करीब 300 मजदूर रह रहे थे। ये सभी परिसर में एक होटल के निर्माण कार्य से जुड़े हुए थे। आग लगने के समय वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में दो मजदूरों के घायल होने की सूचना है। इनमें एक मजदूर आग की चपेट में आने से झुलस गया, जबकि दूसरा मजदूर आग से बचने की कोशिश में दूसरी मंजिल से कूद गया, जिससे उसे चोट आई। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
एक घंटे में आग पर पाया गया काबू
आग की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे तक अभियान चलाकर आग पर पूरी तरह काबू पाया। अधिकारियों के मुताबिक, लेबर कैंप टर्मिनल से कुछ दूरी पर होने के कारण इस घटना का विमानों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा। घटना में किसी व्यक्ति की मौत की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।
