शहर

फतेहाबाद में मिठाई के स्टॉल पर मधुमक्खियों का हमला, धुआं करने पर भी नहीं हटीं, 2 लाख का हुआ नुकसान

Fatehabad: हरियाणा के फतेहाबाद में थाना रोड स्थित फव्वारा चौक पर दिवाली के दिन मिठाई की दुकान पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इसके कारण दुकानदार की करीब 2 लाख रुपये की मिठाइयां खराब हो गईं।

Image

मिठाइयों पर बैठा मधुमक्खियों का झुंड

Photo : Times Now Digital

Fatehabad: दिवाली के त्योहारी सीजन के दौरान हरियाणा के फतेहाबाद से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां थाना रोड स्थित व्यस्त फव्वारा चौक के पास एक मिठाई की दुकान पर मधुमक्खियों के विशाल झुंड ने अचानक हमला बोल दिया। दुकान के बाहर लगी स्टॉल पर रखी मिठाइयों पर मधुमक्खियां इस कदर जमा हो गईं कि पूरी दुकान में हड़कंप मच गया। इस घटना के कारण त्योहार के दिन दुकानदार को करीब 2 लाख रुपये की मिठाइयों का भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

मिठाइयों पर आया मधुमक्खियों का झुंड

मिली जानकारी के अनुसार, दिवाली पर होने वाली भारी बिक्री को देखते हुए बाजारों में दुकानदारों ने दुकानों के बाहर अतिरिक्त स्टॉल लगाई हुई थीं, जो हर शहर का आम नजारा है। इसी दौरान फव्वारा चौक के पास स्थित इस मिठाई दुकान पर अचानक सैकड़ों मधुमक्खियों का झुंड आ धमका और खुले में रखी मिठाइयों पर बैठ गया। दुकान पर मौजूद लोगों और हलवाइयों ने मधुमक्खियों को भगाने के लिए आग सुलगाई और कोयले का घना धुआं किया, लेकिन मधुमक्खियां मिठाइयों से टस से मस नहीं हुईं।

'2 लाख का नुकसान, एक भी ग्राहक नहीं आया'

मधुमक्खियों के इस अचानक हमले के बाद दुकान के आसपास खरीदारी कर रहे ग्राहकों और राहगीरों में डर का माहौल बन गया। डंक मारने के डर से ग्राहकों ने दुकान से दूरी बना ली। नाम न छापने की शर्त पर पीड़ित दुकानदार ने बताया कि दिवाली की मेन बिक्री के समय यह हादसा हुआ। स्टॉल पर रखी लगभग 2 लाख रुपये की मिठाइयां पूरी तरह खराब हो गईं। मधुमक्खियों के डर से पूरे दिन दुकान पर कोई ग्राहक नहीं आया और भारी नुकसान उठाना पड़ा। दिवाली के दिन हुए इस अप्रत्याशित घटनाक्रम के चलते दुकानदार और उनके यहां काम करने वाले हलवाई बेहद परेशान दिखे। वहीं, स्थानीय लोगों में भी इस घटना की चर्चा बनी हुई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article