बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था के दावों की हकीकत बयां करती एक बेहद हैरान करने वाली तस्वीर बेगूसराय जिले से सामने आई है। जिले के साहेबपुर कमाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल ट्रक ड्राइवर के टूटे हुए पैर में डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों ने प्लास्टर या मेडिकल स्प्लिंट लगाने की जहमत तक नहीं उठाई। इसके बजाय, घाव और फ्रैक्चर पर गत्ते का टुकड़ा बांधकर औपचारिकता पूरी कर दी गई और मरीज को आनन-फानन में सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। दर्द से कराहते हुए मरीज की इस हालत ने एक बार फिर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यशैली और संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हाईवे पर हुआ था भीषण हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक वाकया मंगलवार सुबह करीब 5 बजे का है। साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के एनएच-333 (B) पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। रामपुर से गिट्टी लादकर छपरा जा रहा एक ट्रक अचानक दुर्घटना का शिकार हो गया। घायल ट्रक चालक सुरेंद्र राय ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि अचानक एक ट्रैक्टर अनियंत्रित गति से ओवरटेक करते हुए हमारे सामने आ गया। ट्रैक्टर को बचाने के लिए जैसे ही मैंने जोरदार ब्रेक लगाया, ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और मेरा पैर ट्रक के नीचे बुरी तरह दब गया। हादसे में सुरेंद्र राय का पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि पीछे से आ रहे उनके भांजे ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को तुरंत साहेबपुर कमाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, ताकि उसे समय पर प्राथमिक उपचार मिल सके।
अस्पताल पहुंचे तो खुला पोल, इलाज के नाम पर हुई खानापूर्ति
जब घायल ड्राइवर को अस्पताल के अंदर ले जाया गया, तो वहां का नजारा देखकर परिजनों के होश उड़ गए। अस्पताल में न तो गंभीर चोटों के इलाज के लिए बुनियादी इंतजाम दिखे और न ही ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों में संवेदनशीलता नजर आई। डॉक्टर और कर्मियों ने फ्रैक्चर ठीक करने या मेडिकल स्प्लिंट लगाने के बजाय एक गत्ते के डिब्बे का टुकड़ा निकाला और उसे घायल के टूटे हुए पैर पर रखकर रस्सी या पट्टी से बांध दिया। प्राथमिक उपचार के नाम पर यह कोर-कसर पूरी करने के बाद अस्पताल ने घायल को बिना किसी राहत के सीधे सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
स्वास्थ्य समिति ने जताई नाराजगी
जिला रोगी कल्याण समिति के सदस्य अरुण कुमार महतो ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार के तौर पर कभी-कभी बांस की फट्टी या गत्ते का अस्थायी इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन जिस तरह से यहां संवेदनहीनता दिखाई गई है, वह ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की गहन जांच की जाए और घटना के समय अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों की जवाबदेही तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाए। वहीं, इस मामले में जब पीएचसी प्रभारी का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
