अध्यात्म

Chitragupt Puja 2026 Timimgs: कब है चित्रगुप्त पूजा, क्या है पूजन का शुभ मुहूर्त और महत्व

Chitragupt Puja 2026 Timimgs (Chitragupt Puja ka Time 11 November 2026): चित्रगुप्त पूजा 2026 कब है? 11 नवंबर को चित्रगुप्त पूजा का शुभ मुहूर्त क्या है? भगवान चित्रगुप्त की पूजा कैसे करें? चित्रगुप्त पूजा पर कलम-दवात की पूजा क्यों की जाती है और इस पर्व का धार्मिक महत्व क्या है?

Image

चित्रगुप्त पूजा का मुहूर्त 2026 (Photo - AI)

Chitragupt Puja 2026 Timimgs: कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि का हिंदू धर्म में खास महत्व है। इस दिन भाई दूज के साथ भगवान चित्रगुप्त की पूजा भी की जाती है। खासतौर पर कायस्थ समाज के लोग इस पर्व को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाते हैं। मान्यता है कि भगवान चित्रगुप्त मनुष्य के अच्छे और बुरे कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं। उन्हें न्याय के देवता यमराज का सहयोगी भी माना जाता है।

चित्रगुप्त पूजा के दिन कलम, दवात, बहीखाते और किताबों की पूजा करने की परंपरा है। यह पर्व सिर्फ धार्मिक आस्था से नहीं जुड़ा है, बल्कि ईमानदारी, ज्ञान और अपने कर्मों के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी देता है। आइए जानते हैं साल 2026 में चित्रगुप्त पूजा कब है और पूजा के लिए कौन सा समय शुभ रहेगा।

चित्रगुप्त पूजा 2026 कब है? (Chitragupta Puja 2026 Date)

हिंदू पंचांग के अनुसार, साल 2026 में चित्रगुप्त पूजा 11 नवंबर, बुधवार को मनाई जाएगी। यह पर्व कार्तिक शुक्ल द्वितीया को पड़ता है। इसी दिन भाई दूज और यम द्वितीया का त्योहार भी मनाया जाएगा। इस बार द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे शुरू होगी और 11 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 53 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि और अपराह्न काल में द्वितीया की मौजूदगी के आधार पर 11 नवंबर को चित्रगुप्त पूजा की जाएगी।

चित्रगुप्त पूजा 2026 का शुभ मुहूर्त (Chitragupta Puja 2026 Shubh Muhurat)

भगवान चित्रगुप्त की पूजा के लिए दोपहर का समय यानी अपराह्न काल विशेष शुभ माना जाता है। आगे देखें पूजा के शुभ मुहूर्त...

  • चित्रगुप्त पूजा की तारीख: 11 नवंबर 2026, बुधवार
  • अपराह्न पूजा मुहूर्त: दोपहर 1:10 बजे से 3:20 बजे तक
  • पूजा की कुल अवधि: 2 घंटे 10 मिनट
  • द्वितीया तिथि प्रारंभ: 10 नवंबर, दोपहर 2:00 बजे
  • द्वितीया तिथि समाप्त: 11 नवंबर, दोपहर 3:53 बजे

चित्रगुप्त पूजा का महत्व

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान चित्रगुप्त को मनुष्य के कर्मों का लेखा-जोखा रखने का दायित्व मिला है। कहा जाता है कि व्यक्ति ने अपने जीवन में कौन से अच्छे और बुरे काम किए हैं, इसका पूरा हिसाब भगवान चित्रगुप्त रखते हैं। मृत्यु के बाद इसी लेखे के आधार पर उसके कर्मों का आकलन होता है। भगवान चित्रगुप्त को यमराज का सहयोगी और न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। कायस्थ समाज उन्हें अपना आराध्य देव मानता है। इस दिन परिवार के लोग एक साथ पूजा करते हैं और सुख-समृद्धि, अच्छी बुद्धि और तरक्की की कामना करते हैं।

टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - भाई दूज पर यमुना स्नान क्यों माना जाता है शुभ?

चित्रगुप्त पूजा की विधि

चित्रगुप्त पूजा के दिन सुबह स्नान करके साफ कपड़े पहनें। घर के पूजा स्थल की सफाई करें और एक चौकी पर भगवान चित्रगुप्त की तस्वीर या प्रतिमा स्थापित करें।

  • सबसे पहले भगवान चित्रगुप्त को तिलक लगाएं।
  • उन्हें फूल, अक्षत और मिठाई अर्पित करें।
  • कलम, दवात, कॉपी और बहीखातों को पूजा में शामिल करें।
  • भगवान के सामने दीपक और धूप जलाएं।
  • अपनी गलतियों के लिए क्षमा मांगें और अच्छे कर्म करने का संकल्प लें।
  • अंत में भगवान चित्रगुप्त की आरती करें और प्रसाद बांटें।

चित्रगुप्त पूजा पर कलम-दवात की पूजा क्यों होती है?

इस पर्व की सबसे खास परंपरा कलम, दवात और बहीखातों की पूजा करना है। इसे कलम-दवात पूजा या मसीधारा पूजा भी कहा जाता है। दरअसल, कलम और दवात भगवान चित्रगुप्त के लेखन कार्य का प्रतीक माने जाते हैं। पुराने समय में कायस्थ परिवारों में इस दिन अपनी लेखन सामग्री और बहीखातों को साफ करके उनकी पूजा की जाती थी। आज भी कई घरों में बच्चे अपनी किताबें, कॉपियां और पेन भगवान के सामने रखते हैं। व्यापारी अपने बहीखातों की पूजा करते हैं, वहीं नौकरीपेशा लोग अपने काम से जुड़ी चीजें रखकर भगवान से सफलता की प्रार्थना करते हैं।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article