Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के टैंक में गिरने से दो युवकों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि टैंक की सफाई कार्य के दौरान एक युवक अंदर गिर गया। जिसे बचाने के लिए दूसरा युवक भी पैर फिसलने से टैंक में गिर गया। जिससे दोनों की मौत हो गई। हालांकि अभी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वजह साफ हो सकेगी। पुलिस हादसे के कारणों और सुरक्षा में हुई लापरवाही की जांच में जुटी है।
सेफ्टी बेल्ट टूटने से टैंक में गिरा युवक
यह हादसा जीवन नगर पार्ट-2 स्थित नगर निगम के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) में हुआ। मृतकों की पहचान 26 वर्षीय आकाश और उसके साथी अमन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आकाश और अमन मंगलवार सुबह सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की टैंक में सफाई के लिए चैन लगाने का काम कर रहे थे। जिसके लिए आकाश टैंक में उतर रहा था, तभी उसकी सेफ्टी बेल्ट अचानक टूट गई। जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे टैंक के अंदर जा गिरा।
साथी को बचाने के दौरान दूसरे युवक की मौत
अपने साथी आकाश को गिरता देख अमन ने उसे बचाने की कोशिश की। वह तुरंत टैंक में उतर गया, लेकिन बचाव प्रयास के दौरान उसका पैर फिसलने से वह भी टैंक के अंदर जा गिरा। जिससे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। जिसके बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
बचाव टीम ने काफी मशक्कत के बाद एक युवक के शव को बाहर निकाल लिया गया। हालांकि दूसरे युवक को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के पीछे सुरक्षा मानकों में किसी तरह की लापरवाही हुई है या नहीं, इसके लिए जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि सफाई कार्य के दौरान जरूरी सुरक्षा उपकरण और इंतजाम उपलब्ध थे या नहीं। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
