Faridabad: फरीदाबाद के साथ हरियाणा के अन्य शहर के लोगों के लिए अच्छी खबर है। अपनी पुरानी गाड़ियों को कबाड़ में देने के लिए लोगों को अब धक्के नहीं खाने होंगे। राज्य सरकार जल्द ही स्क्रैप पॉलिसी के तहत जल्द ही मेवात में बने अपने स्क्रैप प्लांट को शुरू करने जा रही है। यह हरियाणा का सबसे बड़ा स्क्रैप प्लांट होगा। राज्य ट्रांसपोर्ट विभाग कमिश्नर ने फरीदाबाद रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी को पत्र लिख इस प्लांट को शुरू करने का निर्देश दे दिया है। इस प्लांट के शुरू होने के बाद वाहन मालिक अपने पुराने वाहनों का स्क्रैप करवा सकेंगे। इसके बदले यहां से वाहन मालिकों को एक सर्टिफिकेट दिया जाएगा। इस सर्टिफिकेट को दिखाने पर नई गाड़ी खरीदते समय वाहन मालिकों को रजिस्ट्रेशन में छूट मिलेगा।
बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों के चलाने पर पाबंदी है। समय पूरा होने के बाद इनका रजिस्ट्रेशन अपने आप ही ब्लैक लिस्ट हो जाता है। इसके बाद अगर पुलिस ने इस तरह की गाड़ी को सड़क पर चलते पकड़ लेती है तो उसे जब्त कर लेती है। हरियाणा में अभी तक स्क्रैप पॉलिसी लागू नहीं हुई थी, जिसकी वजह से वाहन मालिकों के पास सिर्फ दो ही विकल्प थे। या तो वे गाड़ी का समय पूरा होने के बाद भी उसे सड़क पर दौड़ाते रहें, या फिर उसे कबाड़ में बेंच दें। हालांकि ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट ने स्क्रैप पॉलिसी का मसौदा तैयार कर अब वाहन मालिकों को सबसे बेहतर विकल्प दे दिया है।
