Faridabad Suicide Case: हरियाणा के फरीदाबाद में एक 28 वर्षीय कपड़ा कारोबारी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। उसे अपनी दुकान के अंदर मृत पाया गया। घटना से पहले उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया और एक सुसाइड नोट भी छोड़ा। जिसमें उसने अपनी पत्नी और उसके परिवार पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया। पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत ससुराल के 8 सदस्यों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुकान के अंदर मिला शव
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राहुल के रूप में हुई है। वह फरीदाबाद के सेक्टर-3 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहता था। राहुल कपड़ों का कारोबार करते थे और करीब एक महीने पहले ही उसने अपने मकान के ग्राउंड फ्लोर पर नई कपड़ों की दुकान खोली थी। राहुल की शादी साल 2024 में हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उनका पत्नी के साथ विवाद चल रहा था।
इंस्टाग्राम पर वीडियो देखकर परिवार पहुंचा दुकान
घटना का पता तब चला जब राहुल के भाई अमित ने उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो अपलोड देखा। जिसके बाद परिवार को अनहोनी की आशंका हुई और वे तुरंत दुकान पहुंचे। लेकिन दुकान का शीशे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां उन्होंने राहुल को मृत पाया।
वीडियो और सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप
पुलिस के अनुसार, राहुल ने अपने अंतिम वीडियो और सुसाइड नोट में पत्नी और ससुराल पक्ष पर लगातार मानसिक प्रताड़ना, शारीरिक मारपीट और अपमानित करने के आरोप लगाए हैं। वीडियो में राहुल ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि भगवान सच्चाई जानते हैं। उसने यह भी अपील की कि जिन लोगों ने उसे परेशान किया, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। राहुल ने अपनी अंतिम इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि उसकी दुकान और अन्य संपत्ति उसकी मां और भाई-बहनों को दी जाए।
पत्नी समेत आठ लोगों पर FIR दर्ज
पुलिस चौकी प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मृतक के ससुराल पक्ष के कुल आठ सदस्यों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, केस दर्ज होने के बाद सभी आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस कर रही है सभी पहलुओं की जांच
पुलिस राहुल के सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो, सुसाइड नोट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही हैं। इसके अलावा परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
