Thane Illegal Liquor Racket: महाराष्ट्र आबकारी विभाग ने ठाणे जिले में लगातार चार दिनों तक कार्रवाई करते हुए एक बड़े अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस अभियान के दौरान करीब 32 लाख रुपये की अवैध शराब जब्त की गई। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। राज्य आबकारी अधीक्षक (ठाणे) प्रवीण तांबे के अनुसार, 10 मार्च की रात भिवंडी इलाके में अधिकारियों ने चार पहिया दो वाहनों को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहनों से 20 लीटर क्षमता वाले 10 पीपे और व्हिस्की की लगभग 2,000 बोतलें बरामद हुईं। मौके पर ही चार लोगों को हिरासत में ले लिया गया तथा करीब 19.29 लाख रुपये कीमत का माल जब्त कर लिया गया।
आगे की जांच में क्या हुआ?
आगे की जांच में आबकारी विभाग की टीम ने चावदार पाड़ा और कोंगांव क्षेत्रों में संदिग्ध खरीदारों तथा सप्लायर्स के ठिकानों पर छापेमारी की। प्रवीण तांबे के मुताबिक, इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने शराब की बोतलों की रीफिलिंग करने वाले एक संगठित और तकनीकी रूप से सक्षम गिरोह का खुलासा किया। छापेमारी के दौरान टीम ने 20 लीटर क्षमता वाले कई पीपे, जिनमें शराब भरी हुई थी, बरामद किए। इसके अलावा प्रीमियम व्हिस्की ब्रांड की सैकड़ों खाली और भरी हुई बोतलें भी जब्त की गईं।
एक और कार्रवाई करते हुए मारा छापा
12 मार्च को वैजुला इलाके में स्थित एक फार्महाउस पर आबकारी विभाग ने एक और कार्रवाई करते हुए छापा मारा। यहां से व्हिस्की के 240 बॉक्स बरामद किए गए, जिन पर केवल गोवा में बिक्री के लिए होने का उल्लेख था। इसके साथ ही खाली पीपे और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। विभाग ने 13 मार्च को की गई अलग कार्रवाई में करीब 2.07 लाख रुपये मूल्य की शराब भी बरामद की। इस पूरी कार्रवाई में जब्त की गई अवैध शराब की कुल कीमत लगभग 32 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि पकड़े गए वाहनों की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
तीन अन्य सहयोगियों के खिलाफ नोटिस जारी
मुख्य आरोपियों में शामिल सोमा कृष्ण जाधव को प्रारंभिक पुलिस रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद स्थानीय अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। इस मामले में उसके तीन अन्य सहयोगियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, महाराष्ट्र निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत पडघा पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
(इनपुड - भाषा)
