शहर

ईद 2026: दिल्ली-NCR में चांद कब दिखेगा, कब मनेगी ईद

रमजान के अंतिम चरण में ईद-उल-फितर 2026 के चांद को लेकर सभी में उत्सुकता बढ़ गई है। सऊदी अरब में 18 मार्च को चांद दिखने की संभावना है, जबकि दिल्ली-NCR में 19 मार्च को चांद नजर आ सकता है। अगर ऐसा हुआ तो 20 मार्च को ईद मनाई जाएगी। अन्यथा 20 को चांद नजर आएगा और 21 मार्च को ईद मनेगी। जानें दिल्ली-एनसीआर में कब दिखेगा चांद।

Image

ईद 2026: दिल्ली-NCR में चांद कब दिखेगा, कब मनेगी ईद

रमजान का पाक महीना अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। अब हर किसी की नजरें Eid-ul-Fitr 2026 (मीठी ईद) के चांद पर टिकी हैं। इस्लाम में ईद-उल-फितर खुशियों, भाईचारे और एकजुटता का त्योहार माना जाता है। इस त्योहार को रमजान महीने के खत्म होने के बाद मनाया जाता है। पूरे महीने रोजा (व्रत) रखने के बाद मुस्लिम समुदाय इस दिन विशेष नमाज अदा करने के बाद एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद देता है। लेकिन ईद कब होगी, यह तय होता है चांद के दिखने के बाद। यानी जिस रात चांद दिखेगा, उसके अगले दिन ईद होगा। तो चलिए जानते हैं, दिल्ली-NCR में चांद कब दिखेगा, चांद के उगने का समय क्या है?

खबरों के मुताबिक सऊदी अरब में बुधवार 18 मार्च को चांद दिखने की संभावना है। अगर 18 मार्च को चांद दिखता है तो सऊदी अरब में 19 मार्च को ईद मनाई जाएगी। भारत में भी चांद दिखने का बाद ही ईद मनाई जाती है। उम्मीद है कि दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार 19 मार्च को आसमान में चांद नजर आएगा और 20 मार्च को ईद मनाई जाएगी। हालांकि, अंतिम फैसला चांद नजर आने पर ही है और हो सकता है चांद 20 मार्च को दिखे, अगर ऐसा होता है तो ईद 21 मार्च को मनाई जाएगी।

दिल्ली-NCR में कब दिखेगा चांद

अगर दिल्ली-NCR में गुरुवार 19 मार्च को चांद नजर आता है तो इस दिन शाम को 6.24 से 6.58 बजे के बीच आसमान में चांद नजर आ सकता है। अगर गुरुवार को ईद का चांद नहीं दिखता है तो शुक्रवार 20 मार्च को चांद के दर्शन हो सकते हैं, जो शाम को 6.56 बजे से रात 8.02 बजे तक संभव है। बता दें कि रमजान के दौरान लोग सूर्योदय से सूर्यास्त तक रोजा रखते हैं। दिनभर बिना खाने-पानी के रोजा रखने के साथ ही इबादत, नमाज और आत्मसंयम का पालन किया जाता है। सहरी से लेकर इफ्तार तक का यह कार्यक्रम पूरे महीने चलता है।

कैसा चांद आएगा नजर

ईद से एक रात पहले आसमान में दिखने वाला चंद्रमा अपने खूबसूरत वैक्सिंग क्रेसेंट (Waxing Crescent) चरण में होता है। यह खगोल विज्ञान के शौकीनों और आम लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र होता है। यह चरण अमावस्या के बाद शुरू होता है, जब चंद्रमा का एक छोटा सा हिस्सा ही आसमान में चमकता हुआ नजर आता है और हर दिन इसका आकार धीरे-धीरे बढ़ता जाता है।

अगर आप दिल्ली-NCR में रहते हैं तो आप उम्मीद कर सकते हैं कि गुरुवार 19 मार्च या शुक्रवार 20 मार्च को आसमान में ईद का खूबसूरत चांद नजर आए और अगले दिन आप अपनों के साथ ईद की खुशियां मना सकें। अभी एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज बदला हुआ है, ऐसे में अगर आप चांद दिखने का इंतजार कर रहे हैं तो किसी खुली जगह पर जाएं या मस्जिद से चांद दिखने की घोषणा का इंतजार करें।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article