Delhi NCR Weather Alert: राजधानी दिल्ली समेत नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में दोपहर लगभग 3 से 5 बजे के बीच तेज धूल भरी आंधी चलने की संभावना है, जिसकी रफ्तार 60 से 90 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। इसके बाद कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज बारिश के दौर भी देखने को मिल सकते हैं। बारिश का सबसे अधिक प्रभाव लगभग 30 से 50 मिनट तक रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान लोगों को सलाह दी है कि वे अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और खराब मौसम के समय में सुरक्षित स्थान पर रहें। इसी बीच दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो गई। फिलहाल IMD ने रेड’ और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम
वहीं इससे पहले IMD ने अपनी वेदर रिपोर्ट में बताया था कि दिल्ली-एनसीआर में आज हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं बौछारें पड़ने की संभावना है, जो अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक वाली स्थिति बन सकती है, जिनकी रफ्तार 60 से 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंचकर झोंकों में 80 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। इसके अलावा 16 जून और फिर 18 से 20 जून के बीच दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान, बिजली चमकने और तेज हवाओं (40 से 50 किमी प्रति घंटा, झोंकों में 60 किमी प्रति घंटा) के साथ बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में 16 जून को भी मौसम के अस्थिर रहने की संभावना है। इस दिन कई स्थानों पर बादल छाए रह सकते हैं और हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 16 जून को आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है और तेज हवाएं लगभग 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जो झोंकों में 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।
