शहर

दिल्ली पुलिस में 225 लोगों को मिलेगी नौकरी, अनुकंपा नियुक्ति के लिए स्क्रीनिंग कमेटी की सिफारिश; इन पदों पर मिलेगी नियुक्ति​

दिल्ली पुलिस की स्क्रीनिंग कमेटी ने अनुकंपा के आधार पर 225 लोगों की नियुक्ति की सिफारिश की है। ये नौकरियां ड्यूटी के दौरान या सेवा में रहते हुए जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के परिजनों को मिलेंगी। नियुक्तियां विभिन्न पदों पर 5 फीसदी कोटे के तहत होंगी।

Image

सांकेतिक फोटो-AI)

दिल्ली पुलिस ने अपने दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को राहत देते हुए अनुकंपा के आधार पर 225 लोगों की नियुक्ति की सिफारिश की है। ये नियुक्तियां उन पुलिसकर्मियों के परिवारों के सदस्यों को दी जाएंगी, जिनकी ड्यूटी के दौरान मौत हो गई या फिर सेवा में रहते हुए उनका निधन हो गया। दिल्ली पुलिस की स्क्रीनिंग कमेटी ने सभी मामलों की जांच और पात्रता देखने के बाद इन नियुक्तियों को मंजूरी के लिए आगे बढ़ाया है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, अनुकंपा के आधार पर होने वाली ये नियुक्तियां नियमित और सीधी भर्ती के कुल रिक्त पदों के 5 फीसदी कोटे के तहत की जाएंगी। हालांकि, नियुक्ति पाने वाले सभी उम्मीदवारों को मेडिकल जांच में भी सफल होना होगा।

इन पदों पर मिलेगी नियुक्ति

इन 225 उम्मीदवारों को उनकी योग्यता के हिसाब से अलग-अलग पदों पर नियुक्ति की सिफारिश की गई है। इनमें हेड कांस्टेबल (मिनिस्ट्रियल), कांस्टेबल (एग्जीक्यूटिव), कांस्टेबल (ड्राइवर) और मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) के पद शामिल हैं।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि राजधानी में पुलिसकर्मी दिन-रात अपनी ड्यूटी निभाते हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने से लेकर लोगों की सुरक्षा तक, पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी काफी चुनौतीपूर्ण होती है। ऐसे में विभाग की यह भी जिम्मेदारी है कि सेवा के दौरान जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों को मुश्किल वक्त में सहारा दिया जाए।

पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार के नेतृत्व में दिल्ली पुलिस की वेलफेयर यूनिट पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कदम उठा रही है। इसी कड़ी में 225 लोगों को नौकरी देने की सिफारिश को दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों को आर्थिक सुरक्षा और सम्मानजनक भविष्य देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article