शहर

Gopalganj Video: गजब की शादी! बाढ़ के पानी में नाव से निकली दूल्हे राजा की बारात, दुल्हनिया भी पतवार के सहारे पहुंचेगी ससुराल

Gopalganj: गोपालगंज में एक दूल्हे का घोड़ा-गाड़ी में सवार होकर शादी रचाने जाने का सपना तब टूट, जब पूरे इलाके में पानी भरा हुआ मिला। दूल्हे को सजधज कर नाव में सवार होकर दो किमी की दूरी तय करनी पड़ी।

Image

बाढ़ के कारण नाव में सवार होकर निकले दूल्हे राजा

Gopalganj: अपनी शादी को लेकर लोगों में अलग ही उत्साह होता है। अक्सर आपने दूल्हे को घोड़े, रथ या कार में सवार होकर शादी के लिए बारात लेकर जाते देखा होगा। लेकिन बिहार में एक दुल्हा ऐसा भी है, जिसे घोड़ा-गाड़ी नहीं नाव की सवारी करनी पड़ी। गोपालगंज से पूर्वी चंपारण शादी के लिए बारात लेकर जा रहे दूल्हे के सपने तब टूटे, जब उसे नाव की सवारी करनी पड़ी। रास्ते में पानी भरा होने के कारण दूल्हा और बराती बारी-बारी नाव में सवार होकर उंचे स्थान पर पहुंचे, जहां उनके वाहन खड़े हुए थे।

इसकी एक वीडियो भी सामने आई है, जिसमें दूल्हा और उसके साथ शादी के लिए जा रहे बरातियों को नाव में बैठा देखा जा सकता है। इसमें आप दूल्हे को शर्माते हुए भी देख सकते हैं। बता दें कि ये वीडियो गोपालगंज जिले के माझागढ़ थाना के निमुइया पंचायत के भृगुन राउत टोला गांव की है।

दो किमी तक की नाव की सवारी

बिहार में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। कई स्थानों पर नदियां उफान पर हैं। भारी बारिश के चलते दो दिन पहले गंडक नदी में बाढ़ आई थी, जिसके कारण निमुइया पंचायत इलाका बाढ़ का पानी आ गया था। नतीजतन यहां लोगों को जलजमाव की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस गांव में दूल्हा बने विकास यादव को दो किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए नाव की सवारी करनी पड़ी। नाव से उतरने समय कैमरा देख विकास यादव शरमा गए और चेहरे छिपाते हुए कार में जाकर छिप गए।

गोपालगंज के विकास यादव की शादी पूर्वी चंपारण के मलाही गांव के सत्येंद्र यादव की पुत्री से के साथ तय हुई। भारी बारिश के इस दौर में दूल्हे विकास यादव ने सोचा भी नहीं होगा कि बारात लेकर शादी रचाने जाने के समय बाढ़ के प्रभाव से घिर जाएंगे और उन्हें नाव की सवारी करनी पड़ेगी। गांव के सरपंच ने कहा कि अचानक बाढ़ का पानी आने के कारण घर से भीरगुन राउत टोला से गौसिया तक नाव की सवारी करनी पड़ी है। उन्होंने कहा कि नाव से बरात लेकर जाना अच्छा तो नहीं लग रहा है पर मजबूरी है। इसके अलावा आने-जाने का और कोई साधन भी नहीं है।

दुल्हन की विदाई

शादी रचाने के लिए दूल्हा बनकर जिस प्रकार विकास यादव को नाव की सवारी करनी पड़ी है। वैसे ही इनकी बनने वाली दुल्हन सोनी को भी कल विदाई के बाद घर पहुंचने के लिए दूल्हे के साथ नाव की सवारी करनी पड़ सकती है। जब लड़की वालों को बाढ़ की स्थिती और नाव की यात्रा के बारे में पता लगा तो लड़की की विदाई को कुछ दिन के लिए टालने की बात हुई। दोनों पक्षों में आपसी चर्चा के बाद विदाई कुछ दिन बाद करने का फैसला हुआ। सजधज के दुल्हा बने विकास को शादी के बाद बिना दुल्हन ही वापस लौटना पड़ा।

बाढ़ के कारण प्रभावित हुए 22 गांव

भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। वहीं कई इलाकों में बाढ़ का पानी आ गया है। उन्हीं क्षेत्रों में से एक है गोपालगंज क्षेत्र। यहां बाढ़ की वजह से एक या दो गांव नहीं बल्कि 22 गांव प्रभावित हुए हैं। यही कारण है कि शादी के लिए दूल्हे को नाव से बारात लेकर जाना पड़ा है और विदाई करवाकर लौटने के दौरान भी उन्हें नाव की सवारी करनी पड़ी।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!