शहर

बाल-बाल बचे DSP साहब: पहले चाकू की नोंक पर दो घंटे तक बंधक बनाया, फिर बीच सड़क पर एक के बाद चाकू से किए कई वार

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में एक युवक और युवती ने सुकमा जिले के उप पुलिस अधीक्षक पर चाकू से हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस ने हमला करने वाले युवक और युवती को हिरासत में ले लिया है।

Image

दंतेवाड़ा में डीएसपी पर हमला।

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके में तैनात डीएसपी तोमेश वर्मा पर दंतेवाड़ा में जानलेवा हमला होने का मामला सामने आया है। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मौके से एक युवक और एक युवती को चाकू समेत गिरफ्तार कर लिया है।

सुकमा में तैनात हैं घायल डीएसपी

डीएसपी तोमेश वर्मा सुकमा जिले के जगरगुंडा इलाके में तैनात हैं। उनपर हमला तब हुआ जब वे किसी शासकीय काम से दंतेवाड़ा सत्र न्यायालय पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक,आरोपी रविशंकर साहू और रंजीता वर्मा दुर्ग जिले से दंतेवाड़ा पहुंचे थे। दोनों की पहचान कर ली गई है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

पुराने विवाद का मामला

हमला करने पहुंचे आरोपियों के डीएसपी तोमेश वर्मा से पुराने ताल्लुक थे।रंजीता वर्मा उनकी नजदीकी रिश्तेदार बताई जा रही है। जिसने दुर्ग जिले के मोहननगर थाने में 20 दिसम्बर 2024 को डीएसपी तोमेश के ऊपर एक एफआईआर दर्ज करवाई थी। अपनी एफआईआर में उसमें आरोप लगाया था कि DSP वर्मा ने उसके घर में जबरदस्ती घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसके साथ मारपीट भी की। मोहननगर थाने में दर्ज एफआईआर विवरण में दुष्कर्म की घटना 31 अगस्त 2024 को बताई जा रही है। फिलहाल यह मामला न्यायिक प्रक्रियाधीन है।

दो घंटे तक बनाया बंधक

बताया जा रहा है कि कोर्ट परिसर में मुलाकात के बाद दोनों आरोपी डीएसपी वर्मा की गाड़ी में बैठ गए। गाड़ी में बैठते ही महिला ने चाकू निकालकर उन्हें धमकाया और इधर-उधर गाड़ी घुमाने को कहा। दोनों ने चाकू की नोंक पर करीब दो घंटे तक DSP को बंधक भी बनाकर रखा।

बीच सड़क हुआ हमला

जब गाड़ी कोर्ट परिसर से बाहर टीवीएस शोरूम के पास पहुंची,तभी युवक ने धारदार हथियार से DSP पर कई वार कर दिए। बीच सड़क हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमले के दौरान DSP ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकाल ली। इसी बीच घटना की सूचना मिलते ही दंतेवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को दबोच लिया। इसके बाद घायल डीएसपी तोमेश को तुरंत दंतेवाड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया,जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article