शहर

'अजित पवार की मौत पर संदेह बरकरार', रोहित पवार 10 फरवरी को करेंगे बड़ा खुलासा! NCP विलय को लेकर कही ये बात

Ajit Pawar Death Case: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) नेता रोहित पवार ने शनिवार को कहा कि अजित दादा की दिली इच्छा थी कि सभी एक परिवार के रूप में साथ आएं और उसी तरह आज सभी एक साथ आए हैं।

Image

पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार, जिनका विमान दुर्घटना में हुआ निधन (फाइल फोटो)

Ajit Pawar Death Case: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) नेता रोहित पवार ने शनिवार को कहा कि हवाई दुर्घटना में अजित पवार की मौत की परिस्थितियों के बारे में सभी को संदेह है और वह 10 फरवरी को इस बारे में एक विस्तृत प्रस्तुति देंगे। बारामती में जिला परिषद चुनाव में अपना वोट डालने के बाद पत्रकारों से बातचीत में विधायक ने कहा कि अजित पवार चाहते थे कि राकांपा के दोनों गुट एकजुट हो जाएं और विलय की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।

रोहित पवार ने क्या कुछ कहा?

महाराष्ट्र में 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के लिए चुनाव शनिवार को हुए। यह मतदान मूल रूप से पांच फरवरी को होना था, लेकिन 28 जनवरी को उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु और इसके बाद तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। दिवंगत राकांपा प्रमुख के भतीजे रोहित पवार ने कहा, ''हर किसी के मन में (दुर्घटना के बारे में) सवाल और संदेह हैं। मैं 10 फरवरी को मुंबई में एक प्रस्तुति दूंगा। दुर्घटना क्यों हुई और यह कैसे हुई होगी, ये मुद्दे 10 फरवरी को उठाए जाएंगे।''

जिला परिषद चुनाव के लिए राकांपा (शप) और राकांपा ने हाथ मिलाया है और दोनों 'घड़ी' चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ रहे हैं। अजित पवार राकांपा के प्रमुख थे, जबकि उनके चाचा शरद पवार राकांपा (शप) के प्रमुख हैं। अहिल्यानगर जिले के कर्जत-जामखेड विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले रोहित पवार ने कहा कि अजित पवार हमेशा पार्टी कार्यकर्ताओं की बेहतरी की कामना करते थे और चाहते थे कि जो लोग उनकी विचारधारा साझा करते हैं वे निर्वाचित हों।

अजित पवार की क्या थी दिली इच्छा?

उन्होंने कहा कि दिवंगत राकांपा प्रमुख को दोनों गुटों के बीच विलय की उम्मीद थी। रोहित पवार ने कहा, ''अजित दादा की दिली इच्छा थी कि सभी एक परिवार के रूप में साथ आएं और उसी तरह आज सभी एक साथ आए हैं। दादा ने प्रयास किए थे। हम भी इसी तरह प्रयास करते रहेंगे। परिवार अभी भी एकजुट है।'' विपक्षी विधायक ने कहा कि वह 12 फरवरी को विलय के पीछे की मंशा बताएंगे। उन्होंने कहा, "विलय क्यों और किसके लिए होना था? अजित दादा की असली मंशा क्या थी? क्या इसका कोई राजनीतिक आयाम था या भावनात्मक? मैं इसे 12 फरवरी को बताऊंगा।"

अजित पवार की मौत के संबंध में रोहित पवार के बयान के बारे में पूछे जाने पर, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) सांसद संजय राउत ने कहा कि राकांपा विधायक और अजित पवार के करीबी सहयोगी अमोल मिटकरी, राकांपा नेता और मंत्री छगन भुजबल और राकांपा (शप) सांसद बजरंग सोनावणे ने भी दुर्घटना के बारे में संदेह व्यक्त किया है। राउत ने कहा कि संदेह दूर करने के बजाय मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस सलाह दे रहे हैं कि इस मुद्दे पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। राउत ने सवाल किया कि फडणवीस सभी को क्यों धमकी दे रहे हैं?

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article