शहर

अजनाला को बाढ़ से बचाने के लिए उज नदी पर डैम की मांग, राज्यपाल से मिले AAP विधायक कुलदीप धालीवाल

आप विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने अजनाला को बाढ़ से बचाने के लिए उज नदी पर डैम बनाने की मांग की।

Image

अजनाला को बाढ़ से बचाने के लिए उज नदी पर डैम की मांग।

अजनाला से आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने मंगलवार को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर अजनाला क्षेत्र को हर साल आने वाली बाढ़ से स्थायी रूप से बचाने के लिए उज नदी पर डैम का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की। इस दौरान अजनाला विधानसभा क्षेत्र के सरपंच, चेयरमैन और जिला परिषद सदस्य भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे।

मुलाकात के बाद धालीवाल ने कहा कि उन्होंने अजनाला के लोगों की समस्या राज्यपाल के सामने रखी है। उन्होंने कहा कि हर साल रावी और उज नदियों के पानी से अजनाला और आसपास के इलाकों में भारी तबाही होती है। जम्मू-कश्मीर से आने वाली उज नदी पठानकोट, सुजानपुर, दीनानगर, गुरदासपुर और डेरा बाबा नानक से होकर अजनाला पहुंचती है, जिसके बाद उसका पानी पाकिस्तान की ओर चला जाता है।

नदी में बाढ़ के कारण हर साल किसानों की फसलें बर्बाद होती हैं, सड़कें और दूसरी बुनियादी सुविधाएं क्षतिग्रस्त होती हैं तथा उपजाऊ जमीन को भी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने कहा कि लगातार बाढ़ के खतरे के कारण क्षेत्र में उद्योग लगाने को लेकर भी निवेशकों में हिचकिचाहट रहती है, जिसका सीधा असर रोजगार के अवसरों पर पड़ता है।

10-12 साल से लंबित है उज डैम का मुद्दा

AAP विधायक ने कहा कि उज नदी पर डैम बनाने की केंद्र सरकार की योजना पिछले 10-12 वर्षों से लंबित है। उन्होंने राज्यपाल से अपील की कि वह इस मुद्दे को प्रधानमंत्री और केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के समक्ष मजबूती से उठाएं और डैम का निर्माण जल्द शुरू कराने में मदद करें।

‘विकसित भारत’ के लिए बॉर्डर एरिया का विकास जरूरी

इस दौरान धालीवाल ने केंद्र सरकार से बॉर्डर क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र सरकार ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करना चाहती है तो बड़े शहरों के साथ-साथ सीमावर्ती इलाकों के विकास को भी प्राथमिकता देनी होगी।

₹1,600 करोड़ के मुआवजे का मुद्दा भी उठाया

साथ ही धालीवाल ने पिछली बाढ़ के दौरान प्रधानमंत्री की ओर से घोषित 1,600 करोड़ रुपये के मुआवजे का मुद्दा भी राज्यपाल के सामने उठाया। उन्होंने कहा कि यह राशि अभी तक नहीं मिली है और प्रभावित लोगों को राहत का इंतजार है।

AAP विधायक ने बताया कि राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही प्रतिनिधिमंडल के साथ केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से मुलाकात का समय तय कराने की कोशिश करेंगे। धालीवाल ने उम्मीद जताई कि इस पहल से उज डैम का मुद्दा आगे बढ़ेगा और अजनाला को बाढ़ की समस्या से स्थायी राहत दिलाने की दिशा में काम होगा।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article