Azam Khan News: आजम खान एक बार फिर से जेल भेज दिए गए हैं। आज भी आजम खान को कोर्ट से राहत नहीं मिली है। मामले की अगली सुनवाई 26 नवंबर को होगी। आजम खान पिछले चार दिनों से ईडी की कस्टडी में थे, जहां उनसे पूछताछ हो रही थी। आज कस्टडी खत्म हो रही थी, जिसके बाद उन्हें आज गाजियाबाद के PMLA court में पेश किया गया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जेल से रिहा होते ही ईडी ने किया था गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 31 अक्टूबर को समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान को रामपुर जिला जेल से रिहा होने के कुछ ही देर बाद हिरासत में ले लिया था। मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जारी जांच के सिलसिले में ईडी के लखनऊ जोनल कार्यालय की एक टीम जेल परिसर पहुंची और उन्हें अपनी गिरफ्त में ले लिया।
ईडी कर चुकी है पूछताछ
गिरफ्तारी से पहले, ईडी ने 13 अक्टूबर को रामपुर जेल में आजम खान से पूछताछ की थी। निजी ठेकेदारों के माध्यम से सरकारी ठेकों की धनराशि में कथित हेराफेरी और बाद में उस रकम को मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट तथा मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय में हस्तांतरित करने के मामले में चल रही जांच के तहत उनका बयान दर्ज किया गया था।
यह कार्रवाई 19 अगस्त को उत्तर प्रदेश और दिल्ली में आजम खान से जुड़े 10 ठिकानों पर ईडी द्वारा की गई छापेमारी के बाद हुई है। धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 की धारा 17 के तहत रामपुर और सहारनपुर के विभिन्न स्थानों पर ये तलाशियां ली गई थीं, जिनमें ट्रस्ट और विश्वविद्यालय से जुड़े परिसर भी शामिल थे।
क्या है आजम खान के खिलाफ मामला?
ईडी के अनुसार, जांच में कुछ ठेकेदारों और ट्रस्ट के बीच कथित वित्तीय लेनदेन का पता चला है। एजेंसी का कहना है कि सरकारी ठेकों से कथित रूप से लाभान्वित होने वाले ठेकेदारों ने भारी चंदे और निर्माण कार्यों के जरिए मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय में धनराशि डायवर्ट की।
इससे पहले 28 अक्टूबर को ईडी ने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की जमीन और इमारत को कुर्क (अटैच) कर लिया था। एजेंसी ने कुर्क की गई इस संपत्ति की बही मूल्य (बुक वैल्यू) 426 करोड़ रुपये आंकी है, जबकि इसका अनुमानित वर्तमान बाजार मूल्य 1,170 करोड़ रुपये बताया गया है। साल 2006 में आजम खान द्वारा स्थापित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय रामपुर में स्थित एक निजी विश्वविद्यालय है।
रामपुर सदर सीट से 10 बार विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री रह चुके आजम खान सपा के प्रमुख नेताओं में से एक हैं और लंबे समय से उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक प्रभावशाली चेहरा रहे हैं। जालसाजी के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद से वह पिछले साल नवंबर से रामपुर जिला जेल में बंद थे। इसके अलावा, 2019 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान तत्कालीन जिलाधिकारी सहित सरकारी अधिकारियों के जूते साफ कराने संबंधी कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के एक मामले में भी उन्हें दो साल की सजा सुनाई जा चुकी है।
