Delhi News दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में कल यानी गुरुवार 11 जून को Drugs तस्करी से जुड़े एक मामले की जांच के दौरान सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया। पुलिस टीम की मौजूदगी में दक्षिण अफ्रीकी मूल की एक महिला ने कथित तौर पर चौथी मंजिल की बालकनी से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, कार्रवाई NDPS एक्ट के तहत दर्ज एक मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही थी। बुराड़ी थाने में दर्ज मामले में आरोपी फ्रैंक डैशमंड की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारियां मिली थीं। इसी सूचना के आधार पर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने स्वरूप नगर में मौजूद एक फ्लैट पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने रोमियो उर्फ स्काई नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लगभग 30 ग्राम MDMA और 1.5 ग्राम हेरोइन बरामद होने का दावा किया गया है। जांच में यह भी पता चला कि इमारत की तीसरी व चौथी मंजिल पर अफ्रीकी मूल के कई नागरिक रह रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, चौथी मंजिल पर रहने वाली स्टेला पायस नामक महिला के फ्लैट में टीम के पहुंचते ही उसने कथित रूप से बालकनी से छलांग लगा दी। उसे तुरंत बुराड़ी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस को एक अन्य विदेशी नागरिक मार्टिन एरॉन के कब्जे से मिली चाबी के जरिए फ्लैट के बंद कमरे को खोला गया। कमरे में बड़ी मात्रा में केमिकल, बीकर, पाइप, डिस्टिलेशन यूनिट, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और अन्य उपकरण बरामद हुए। पुलिस को आशंका है कि यहां ड्रग्स निर्माण या उससे संबंधित कच्चे माल का भंडारण किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से करीब 192 ग्राम MDMA, लगभग 100 लीटर संदिग्ध केमिकल, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, हाइपोफॉस्फोरस एसिड, 35.5 किलोग्राम सफेद पाउडर, 21 किलोग्राम काले दाने सहित बड़ी मात्रा में उपकरण और सामग्री जब्त की है। नकदी और अन्य कीमती सामान भी बरामद हुआ है।
फिलहाल एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड मामले की जांच कर रही है, जबकि महिला की मौत को लेकर स्वरूप नगर थाना पुलिस इनक्वेस्ट की कार्रवाई कर रही है। FSL और क्राइम टीम की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
