दुनिया

US Iran War खत्म! इस हफ्ते यूरोप में हो सकता है ऐतिहासिक समझौता; ट्रम्प ने हमले रोके

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का दावा है कि अमेरिका और ईरान शांति समझौते के बिल्कुल करीब पहुंच गए हैं और यह अंतिम चरण में है। डील पर दस्तखत होते ही होर्मुज स्ट्रेट सबके लिए खुल जाएगा।

Image

डोनाल्ड ट्रम्प का दावा, ईरान से डील बहुत करीब

US Iran War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (Donald Trump) ने दावा किया है कि अमेरिका और इरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव अब खत्म होने वाला है। उन्होंने बताया कि तनाव को खत्म करने वाला ऐतिहासिक समझौता अब अपने अंतिम चरण में है। ट्रंप ने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच इस हफ्ते के अंत तक समझौते पर दस्तखत हो सकते हैं, जिससे क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक व्यापार को बड़ा लाभ मिलेगा।

व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि समझौते से जुड़े दस्तावेज तेजी से तैयार किए जा रहे हैं और आने वाले कुछ दिनों में यह प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि ईरान भी इस समझौते को लेकर गंभीर है और दोनों पक्ष महीनों से चले आ रहे सैन्य व कूटनीतिक तनाव को खत्म करना चाहते हैं।

खुलेगा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज

ट्रम्प ने इस संभावित समझौते को वैश्विक व्यापार के लिए बहुत ही अहम बताते हुए कहा कि जैसे ही समझौते पर हस्ताक्षर होंगे, रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को जहाजों की आवाजाही के लिए तुरंत खोल दिया जाएगा। यह जलमार्ग दुनिया के सबसे व्यस्त तेल परिवहन मार्गों में से एक माना जाता है और इसके खुलने से अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजारों को राहत मिल सकती है।

ईरान की औपचारिक प्रतिक्रिया का इंतजार

हालांकि, ईरान की अर्ध-सरकारी फार्स समाचार एजेंसी के अनुसार, तेहरान ने अभी तक प्रस्तावित समझौते पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। स्थानीय रिपोर्टों में दावा किया गया है कि अमेरिका द्वारा ईरान के प्रस्तावित मसौदे के मुख्य बिंदुओं को स्वीकार किए जाने के बाद समझौते को मंजूरी मिलने की संभावना काफी बढ़ गई है।

नेतन्याहू से भी हुई बातचीत

इस बीच, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने ट्रम्प से फोन पर बातचीत कर संभावित समझौते पर चर्चा की। इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, ट्रंप ने बातचीत की प्रगति और प्रस्तावित समझौते के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी शेयर की।

बताया गया कि अंतिम समझौते में परमाणु सामग्री को हटाने, संवर्धन बुनियादी (Uranium Enrichment) ढांचे को समाप्त करने, मिसाइल उत्पादन पर प्रतिबंध लगाने और क्षेत्रीय प्रॉक्सी समूहों को मिलने वाले समर्थन को रोकने जैसे प्रावधान शामिल हो सकते हैं। नेतन्याहू ने इजरायल की सुरक्षा चिंताओं को ध्यान में रखने के लिए ट्रम्प की प्रतिबद्धता की तारफी की।

ट्रम्प ने रोकी सैन्य कार्रवाई

इससे पहले ट्रम्प ने घोषणा की थी कि उन्होंने ईरान के खिलाफ प्रस्तावित सैन्य हमलों को रद्द कर दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी संदेश में उन्होंने कहा कि ईरानी नेतृत्व तक बातचीत पहुंचने और सकारात्मक संकेत मिलने के बाद अमेरिका ने निर्धारित सैन्य कार्रवाई को रोकने का फैसला किया है। इस कदम को क्षेत्र में तनाव कम करने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article