शहर

Kedarnath में ऐसे ठगों के बहकावे न आएं, VIP दर्शन के लिए लोगों से रुपये ऐंठ रहा शख्स गिरफ्तार

  • Agency by: Agency
  • Updated Jun 11, 2026, 01:15 PM IST

केदारनाथ में VIP दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी का मामला सामने आया है। श्रद्धालुओं से ठगी करने वाले फर्जी IRCTC एजेंट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आप ऐसे किसी ठग के झांसे में न आएं।

Image

केदारनाथ में श्रद्धालुओं से ठगी करने वाला गिरफ्तार

इन दिनों उत्तराखंड में मशहूर चारधाम यात्रा चल रही है। 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक केदारनाथ (Kedarnath) भी इस चारधाम यात्रा का हिस्सा है। बड़ी संख्या में तीर्थयात्री इन दिनों केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण जाहिर है, यहां भीड़ भी काफी है। ऐसे में कई श्रद्धालु VIP दर्शन के जरिए समय बचाने की कोशिश करते हैं। अगर आप भी उनमें से एक हैं तो सावधान! क्योंकि VIP दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से धोखाधड़ी करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

खुद को IRCTC का एजेंट बताता था आरोपी

पुलिस ने खुद को IRCTC एजेंट बताकर लोगों से VIP दर्शन के लिए पैसे वसूलने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामले में एक स्थानीय व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई है, जिसकी जांच जारी है। रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर (Niharika Tomar) ने बताया कि 8 जून 2026 को श्री केदारनाथ धाम पुलिस चौकी को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्वयं को IRCTC एजेंट बताकर श्रद्धालुओं से वीआईपी दर्शन कराने के नाम पर पैसे वसूल रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।

हिमाचल का रहने वाला है आरोपी

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 31 साल के चिराग के रूप में हुई है, जो हिमाचल प्रदेश में मंडी जिले का मूल निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से 5000 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

प्रति व्यक्ति 3 हजार रुपये तक वसूलता था

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह फर्जी IRCTC एजेंट बनकर श्रद्धालुओं को VIP दर्शन का झांसा देता था। उसने एक श्रद्धालुओं के एक गुट के 10 लोगों से प्रति व्यक्ति 3000 रुपये की दर से कुल 30,000 रुपये वसूले थे। आरोपी लोगों को यह विश्वास दिलाता था कि वह उन्हें विशेष सुविधा के साथ जल्दी दर्शन करा देगा।

स्थानीय व्यक्ति भी हो सकता है शामिल

पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि इस पूरे मामले में एक स्थानीय व्यक्ति भी शामिल हो सकता है। अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर मिली मदद के बिना इस तरह की ठगी को अंजाम देना मुश्किल था। इसलिए पुलिस अबब आरोपी चिराग को स्थानीय मदद के एंगल से भी जांच कर रही है और जल्द ही अन्य संदिग्धों से पूछताछ की जा सकती है।

पुलिस की अपील, ऐसे लोगों के झांसे में न आएं

SP निहारिका तोमर ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या एजेंट के झांसे में न आएं। उन्होंने कहा कि VIP दर्शन या अन्य सुविधाओं के लिए सिर्फ अधिकृत और आधिकारिक माध्यमों का ही इस्तेमाल करें।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है और रिमांड की मांग भी की है। चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन ने भी लोगों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!