शहर

CEC के खिलाफ आज चुनाव आयोग तक मार्च निकालेगा इंडिया गठबंधन, जंतर-मंतर-ECI मुख्यालय पर बढ़ाई गई सुरक्षा

SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर इंडिया गठबंधन के सांसद मंगलवार को संसद भवन से ECI मुख्यालय तक मार्च करेंगे। प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और ECI कार्यालय के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई है।

Image

जंतर-मंतर और ECI मुख्यालय के आसपास सुरक्षा कड़ी

Photo : ANI

चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्षी दल के सांसद मंगलवार को दिल्ली में बड़ा मार्च निकालेंगे। इंडिया गठबंधन के सांसद आज संसद भवन से चुनाव आयोग के मुख्यालय तक मार्च करेंगे। इस विरोध प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और ECI दफ्तर के आसपास दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई है।

सुबह 10:30 बजे मकर द्वार पर जुटेंगे सांसद

इंडिया गठबंधन के सांसद मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे संसद भवन के मकर द्वार पर एकत्र होंगे। सुबह 11 बजे संसद भवन परिसर से चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च शुरू किया जाएगा। मार्च में राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्ष के कई प्रमुख नेता और सांसद शामिल होने की तैयारी में हैं।

30 सितंबर की बैठक में लिया गया था फैसला

इंडिया गठबंधन ने 30 सितंबर को हुई बैठक में 6 अक्टूबर को सभी विपक्षी सांसदों के चुनाव आयोग तक मार्च का फैसला किया था। विपक्षी दलों का कहना है कि मार्च के जरिए चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़ी अपनी चिंताओं को चुनाव आयोग के सामने रखा जाएगा। विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR की प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, चुनाव आयोग ने SIR से जुड़ी अनियमितताओं के विपक्षी आरोपों को खारिज किया है।

AAP मार्च में नहीं होगी शामिल

इस मार्च में इंडिया गठबंधन के सभी दल शामिल नहीं होंगे। आम आदमी पार्टी ने सोमवार को स्पष्ट किया कि वह 6 अक्टूबर के मार्च का हिस्सा नहीं बनेगी। पार्टी इस मुद्दे को लेकर अपने स्तर पर आंदोलन कर रही है। AAP और DMK ने 30 सितंबर को हुई इंडिया गठबंधन की बैठक में भी हिस्सा नहीं लिया था। इसके बावजूद कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, आरजेडी, वाम दलों और अन्य विपक्षी दलों के सांसदों के मार्च में शामिल होने की तैयारी है।

जंतर-मंतर और ECI मुख्यालय पर भारी सुरक्षा

मंगलवार के मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और चुनाव आयोग के मुख्यालय के आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए हैं। पुलिस ने कई स्तरों पर बैरिकेड लगाए हैं, ताकि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article