शहर

सर्दी में गर्मी का झटका: दिल्ली में आज रहा जनवरी का सबसे गर्म दिन; टूटा सात साल पुराना रिकॉर्ड

गुरुवार को दिल्ली ने बीते सात वर्षों में जनवरी का सबसे गर्म दिन दर्ज किया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 6.8 डिग्री अधिक है। इससे पहले जनवरी में इतना अधिक तापमान वर्ष 2019 में दर्ज किया गया था।

Image

आज दिल्ली का मौसम

राजधानी दिल्ली में जनवरी के महीने में मौसम ने सबको चौंका दिया है। एक तरफ दिन में गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है, तो दूसरी तरफ सुबह और रात में ठंड अभी भी लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर रही है।

सफदरजंग में अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड

गुरुवार को दिल्ली ने बीते सात वर्षों में जनवरी का सबसे गर्म दिन दर्ज किया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 6.8 डिग्री अधिक है। इससे पहले जनवरी में इतना अधिक तापमान वर्ष 2019 में दर्ज किया गया था, जब पारा 28.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

राजधानी के अयानगर इलाके में भी गर्मी का असर साफ दिखा, जहां अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.4 डिग्री ज्यादा रहा। हालांकि, दिन की गर्मी के बीच ठंड पूरी तरह विदा नहीं हुई है। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है।

पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में उतार-चढ़ाव

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में यह उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। दिन में तेज धूप और रात में ठंडी हवाएं तापमान में बड़ा अंतर पैदा कर रही हैं। इस बीच राहत की उम्मीद भी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली में गरज के साथ बारिश और हल्की आंधी की संभावना जताई है। इससे तापमान में गिरावट आने और मौसम के थोड़ा सुहावना होने की उम्मीद है।

दिल्ली-एनसीआर में 23 जनवरी को आईएमडी का अलर्ट

वहीं, दिल्ली-एनसीआर में कल मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। भारतीय मौसम विभाग ने 23 जनवरी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस दिन क्षेत्र में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज और झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने के आसार हैं।

बारिश-आंधी के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, इस दिन अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। साथ ही, पूरे दिन गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है। सुबह, दोपहर, शाम और रात, हर समय आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।

विभाग की मानें तो बारिश के बाद 24 और 25 जनवरी को एक बार फिर ठंड बढ़ने के आसार हैं। 24 जनवरी को अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जबकि 25 जनवरी को न्यूनतम तापमान घटकर 6 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। दोनों दिन सुबह के समय मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। दूसरी ओर, दिल्ली-एनसीआर की हवा लोगों की सेहत पर भारी पड़ रही है।

एक्यूआई ने बढ़ाई चिंता

इसी बीच, एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) भी बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया है। गाजियाबाद के लोनी में एक्यूआई 375, वसुंधरा में 375, इंदिरापुरम में 341 और संजय नगर में 270 दर्ज किया गया। नोएडा के सेक्टर-125 में एक्यूआई 338, सेक्टर-1 में 325 और सेक्टर-116 में 337 रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। आनंद विहार में एक्यूआई 382, चांदनी चौक में 363, आरके पुरम में 359, पंजाबी बाग और पूसा में 345, द्वारका सेक्टर-8 में 342 और अशोक विहार में 333 दर्ज किया गया।

कई इलाकों में हवा 'बहुत खराब' और 'गंभीर' श्रेणी में बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 23 जनवरी को बारिश और तेज हवाओं से वायु प्रदूषण में कुछ हद तक राहत मिल सकती है, लेकिन इसके बाद ठंड और कोहरे के कारण एक बार फिर स्थिति बिगड़ने की आशंका है।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article