Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब साहिबाबाद थाना क्षेत्र के एक होटल के कमरे में दिल्ली पुलिस की महिला हेड कांस्टेबल का शव फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान 30 वर्षीय अदिति के रूप में हुई है। वह मसूरी क्षेत्र की रहने वाली थीं और दिल्ली के उस्मानपुर थाने में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थीं। पुलिस का कहना है कि, अदिति 15 अगस्त की रात साहिबाबाद के राजेंद्र नगर सेक्टर-5 स्थित एक होटल में ठहरी थीं। अगले दिन काफी समय बीत जाने के बावजूद जब उन्होंने कमरे का दरवाजा नहीं खोला, तो होटल कर्मचारियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई।
फंदे से लटका मिला महिला हेड कांस्टेबल का शव
बताया जा रहा है कि कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को मामले की सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और होटल कर्मचारियों से दूसरी चाबी लेकर कमरे का दरवाजा खोला। अंदर महिला हेड कांस्टेबल का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी
सहायक पुलिस आयुक्त अमित सक्सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को आत्महत्या बताया गया है। हालांकि, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि अदिति के होटल पहुंचने से लेकर घटना के समय तक की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा सके। अधिकारियों का कहना है कि अगर मृतका के परिजन की ओर से कोई तहरीर दी जाती है, तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे होटल परिसर में हड़कंप मचा गया।
