Delhi Police Encounter: दिल्ली में सोमवार देर रात दक्षिण-पूर्वी जिले की पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस टीम ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। दोनों गिरफ्तार आरोपियों में से एक पर 113 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उनके पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किए।
गुप्त सूचना के आधार पर बिछाया गया जाल
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान परमोद कुमार उर्फ टुटन और उसके साथी राजेश के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों अपराधी चोरी की मोटरसाइकिल पर जल विहार इलाके में पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर लाजपत नगर थाना पुलिस, स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) की संयुक्त टीम ने उन्हें पकड़ने के लिए इलाके में घेराबंदी कर दी।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल
सोमवार और मंगलवार की दरमियान रात करीब 12:15 बजे दोनों आरोपी इलाके में पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे बाइक छोड़कर भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। जिसमें दोनों आरोपियों के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।
113 मामलों वाला कुख्यात अपराधी निकला आरोपी
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध पिस्टल, एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और फायरिंग में इस्तेमाल किए गए कई खाली कारतूस बरामद किए। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी परमोद के खिलाफ लूट, स्नैचिंग, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित करीब 113 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं उसके साथी राजेश के खिलाफ भी लगभग 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों कई स्नैचिंग मामलों में भी वांछित चल रहे थे।
अन्य वारदातों की जांच जारी
दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे किन-किन अन्य वारदातों में शामिल रहे हैं और उनके गिरोह के बाकी साथियों का भी पता लगाया जा रहा है।
