Delhi Encounter News: दिल्ली के अम्बेडकर नगर इलाके में दिल्ली पुलिस के एएटीएस (Anti-Auto Theft Squad) स्टाफ और बदमाशों के बीच मंगलवार, 5 मई को भीषण मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुख्यात 'पर्डी गैंग' के तीन बदमाशों को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया है। यह गैंग दक्षिण दिल्ली में आभूषणों की लूट जैसी वारदातों में शामिल रहा है।
बदमाशों ने की 6 राउंड फायरिंग
पुलिस को अम्बेडकर नगर इलाके में इन बदमाशों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो बदमाशों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए उन पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, बदमाशों की तरफ से लगभग 6 राउंड गोलियां चलाई गईं. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें तीन बदमाशों के पैरों में गोलियां लगीं। क्राइम टीम ने घटनास्थल से कुल 7 खाली कारतूस बरामद किए हैं।
घायल बदमाशों का AIIMS में इलाज जारी
मुठभेड़ में घायल हुए बदमाशों की पहचान निर्मल पर्डी उर्फ निखिल (34 वर्ष), अंबर उर्फ डेविन (25 वर्ष) और सम्राट उर्फ समर उर्फ काला (30 वर्ष) के तौर पर हुई है। तीनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए एम्स (AIIMS) ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं सभी आरोपी
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को भी मौके से हिरासत में लिया है, जिनकी पहचान काकेश उर्फ काके (24), कृष देव (18) और शिवजीत उर्फ जीत (17) के रूप में हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार किए गए सभी छह आरोपी मूल रूप से मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस अब इन बदमाशों के आपराधिक नेटवर्क और पुरानी वारदातों की जांच कर रही है।
एक एनकाउंटर की खबर उत्तर प्रदेश के वाराणसी से भी आई है। जहां मॉब लिंचिंग के दो आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। फिलहाल कुछ आरोपी फरार चल रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है। घटना की विस्तार से खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
