शहर

दो किमी पीछा, फायरिंग और फिर गिरफ्तारी - वाराणसी व्यापारी हत्याकांड के दो इनामी आरोपी मुठभेड़ में धराए

वाराणसी के मनीष सिंह हत्याकांड मामले में पुलिस ने 50-50 हजार के इनामी दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Image

वाराणसी में हाफ एनकाउंटर

Photo : Times Now Digital

Varanasi Police Encounter: वाराणसी में कारोबारी मनीष सिंह हत्याकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार देर रात पुलिस ने दो इनामी आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई को एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। फूलपुर थाना क्षेत्र के खरका कठिराव इलाके से दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। इन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

दोनों आरोपी गोली लगने से घायल

पुलिस के अनुसार, मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने इलाके में घेराबंदी की। जब आरोपियों ने खुद को घिरता देखा तो भागने की कोशिश की। करीब दो किलोमीटर तक पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाई। जिसमें दोनों आरोपियों को गोली लगने से वे बाइक से गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया और दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

व्यापारी मनीष सिंह की कैसे हुई हत्या

बता दें कि फूलपुर थाना क्षेत्र निवासी व्यापारी मनीष सिंह की मामूली विवाद के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। कारोबारी की कार से एक महिला को धक्का लग गया था, जिससे गुस्साए ग्रामीणों ने उसे पीट-पीटकर मार डाला। घटना के बाद इलाके में काफी आक्रोश देखने को मिला था और पुलिस के खिलाफ भी सवाल उठे थे। इस मामले में आठ नामजद और सात अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

फरार आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस

पुलिस ने इस वारदात में शामिल पांच फरार आरोपियों पर भी 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान मनीष राजभर और आशीष राजभर के रूप में हुई है। पुलिस को इनके पास से एक तमंचा और बाइक मिली है। पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें