शहर

पहले बनाया बंधक, फिर अलमारियां खंगालकर लूटपाट; दिल्ली में बुजुर्ग महिला की हत्या से सनसनी

दिल्ली के निजामुद्दीन के पंत नगर इलाके में 69 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। आरोप है कि बदमाश ने पहले महिला को बंधक बनाया और घर में लूटपाट करने के बाद उनकी जान ले ली। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

Image

दिल्ली में में सनसनीखेज वारदात

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi News: दिल्ली के निजामुद्दीन थाना क्षेत्र के पंत नगर इलाके में शुक्रवार को 69 वर्षीय बुजुर्ग महिला की लूटपाट के बाद हत्या किए जाने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। वह अपने घर के ग्राउंड फ्लोर पर अकेली रहती थीं। उनके पति का कई साल पहले निधन हो चुका था, जबकि उनकी दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है।

महिला को बंधक बनाकर घर में दाखिल हुआ आरोपी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी वारदात के दौरान पहले महिला को बंधक बनाकर घर में दाखिल हुआ। इसके बाद उसने घर में रखे सामान और अलमारियों को खंगाला और लूटपाट की। बताया जा रहा है कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने से पहले आसपास के करीब पांच मकानों की बाहर से कुंडी लगा दी थी, ताकि किसी को मदद के लिए बाहर निकलने का मौका न मिले।

शरीर पर चोट के निशान

शुक्रवार सुबह मृतका की बड़ी बेटी अपनी ससुराल से मां से मिलने पंत नगर स्थित घर पहुंची। घर का दरवाजा खुला देखकर वह अंदर गई तो वहां सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं। घर के अंदर एक कमरे में उसकी मां के हाथ बंधे मिले। उनके शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

वारदात को लेकर जांच जारी

घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और जांच टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। फिलहाल हत्या और लूट की इस वारदात को लेकर जांच जारी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। परिजनों ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करने और मृतका को न्याय दिलाने की मांग की है। मृतका के दामाद दीपक सचदेवा और उनकी बेटी ने घटना पर दुख जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article