Delhi Flood Alert: दिल्ली में हो रही लगातार मूसलधार बारिश से यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। हरियाणा के हथनीकुंड बैराज से तीन लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद मंगलवार को जलस्तर 206 मीटर से ऊपर पहुंचने की संभावना जताई गई है। स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने यमुना किनारे आवाजाही पर रोक लगा दी है और पुराने लोहे के पुल को बंद करने का फैसला लिया है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है और पुलिस ने लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है।
डायवर्ट रूट का करें इस्तेमाल
यमुना में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पुराना लोहे के पुल को आज यानी 2 सितंबर की शाम 04:00 बजे से अगले आदेश तक के लिए बंद किया गया है। इस दौरान यातायात और आम जनता की आवाजाही यहां से नहीं होगी। यातायात को हनुमान सेतु, राजा राम कोहली मार्ग और गीता कॉलोनी रोड से डायवर्ट किया जाएगा। पुराने लोहे के पुल और आसपास के इलाकों से बचने की सलाह दी गई है। लोग सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें और पर्याप्त समय लेकर यात्रा की योजना बनाएं।
बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए अस्थायी शिविर बनाए गए
प्रशासन ने यमुना खादर और निचले इलाकों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। प्रभावित लगभग 15,000 लोगों के लिए अस्थायी शिविर स्थापित किए गए हैं, जिनमें भोजन, पानी और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही, मुनादी कराकर लोगों को बाढ़ की स्थिति के प्रति सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है।
बाढ़ की संभावनाओं से निपटने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। 14 स्थानों पर मोटरबोट तैनात की गई हैं और 30 से अधिक गोताखोरों की टीम को भी लगाया गया है। एसडीएम प्रीत विहार और डीएम ईस्ट के नोडल अधिकारी संदीप यादव ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह तैयार है और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत व बचाव कार्य किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
