Delhi Metro : राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से हुई बदसलूकी (swati maliwal assault case) का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। उधर, स्वाति के आरोपों के आधार पर सीएम अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal) के निजी सचिव बिभव कुमार (Bibhav Kumar) की गिरफ्तारी कर ली गई है, उन्हें पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है। इसी के विरोध में आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) ने मोर्चा खोल दिया। 'आप' बीजेपी के खिलाफ सड़कों पर उतर आई है। माहौल गंभीर होता देख शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बदलने के साथ मेट्रो पर भी असर पड़ा है। दिल्ली मेट्रो कॉर्पोरेशन ने फैसला लेते हुए आईटीओ मेट्रो स्टेशन पर अगले आदेश तक एंट्री और एग्जिट सेवाएं बंद कर दी हैं। यहां एंट्री और बाहर निकलने का रास्ता बंद कर दिया गया है। अब इसको अगले आदेश के बाद ही खोल जाएगा।
सीएम के पीए पर स्वाति मालीलाल के गंभीर आरोप
गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से दिल्ली में आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के आरोप से उथल-पुथल मची हुई। स्वाति मालीवाल ने अपनी पार्टी के सीएम अरविंद केजरीवाल के पर्सनल असिस्टेंट (PA) बिभव कुमार पर मारपीट करने समेत कई अन्य गंभीर आरोप लगाए हैं। लिहाजा, कई दिनों से बिभव की गिरफ्तारी की मांग स्वाति मालीवाल की ओर से की जा रही थी। शनिवार को बिभव को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया है। ऐसे में आम आदमी पार्टी और सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। जिसमें उन्होंने रविवार को सभी 'आप' विधायकों और सांसदों के साथ बीजेपी मुख्यालय की ओर कूच करने का ऐलान किया था। उधर, आम आदमी पार्टी के बढ़ते विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस अलर्ट हो गई और संबंधित सड़क मार्गों पर यातायात डायवर्जन कर दिया।
स्वाति मालीवाल के क्या हैं आरोप
राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल ने शनिवार रात दावा किया कि 13 मई की घटना का सीसीटीवी फुटेज ‘‘गायब’’ कर दिया गया है और संपादित वीडियो जारी किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर मालीवाल से 13 मई को कथित तौर पर मारपीट की गई थी। पुलिस केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार को शनिवार को मारपीट मामले में मुख्यमंत्री आवास से ले गई थी और बाद में गिरफ्तार कर लिया था। मालीवाल ने आरोप लगाया कि पहले बिभव ने मुझे बेरहमी से पीटा। उन्होंने मुझे थप्पड़ मारा और लात मारी। जब मैंने खुद को छुड़ाया और 112 नंबर पर फोन किया तो वह बाहर गये, सुरक्षाकर्मियों को बुलाया और वीडियो बनाना शुरू कर दिया। उन्होंने दावा किया कि वीडियो का वह लंबा हिस्सा संपादित कर दिया गया है और केवल 50 सेकेंड का वीडियो जारी किया गया। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि अब फोन ‘फॉर्मेट’ हो गया और पूरा वीडियो डिलीट हो गया? सीसीटीवी फुटेज भी गायब कर दी गई है। यह बहुत बड़ी साजिश है।
ऐसा रहेगा ट्रैफिक
उधर, दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदर्शन का एलान किये जाने के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी। दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर होने वाले प्रदर्शन के कारण यातायात पुलिस ने परामर्श भी जारी किया है। यातायात पुलिस ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''दिल्ली के डीडीयू मार्ग पर एक राजनीतिक दल के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के कारण डीडीयू मार्ग, आईपी मार्ग, मिंटो रोड और विकास मार्ग पर यातायात प्रभावित रहेगा। डीडीयू मार्ग सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक यातायात के लिए बंद किया जा सकता है। कृपया इन सड़कों पर जाने से बचें और तदनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।
बीजेपी कार्यालय की सुरक्षा बढ़ी
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर भाजपा मुख्यालय पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारी ने कहा, ''भाजपा मुख्यालय के बाहर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और इलाके की नाकेबंदी कर दी गई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर मनीष सिसोदिया, सत्येन्द्र जैन और संजय सिंह जैसे आप नेताओं को जेल भेजने का 'खेल खेलने' का आरोप लगाया।
सीएम केजरीवाल ने लगाए ये आरोप
उन्होंने कहा, ''वे हमारी पार्टी के पीछे पड़े हैं और हमारे नेताओं को एक के बाद एक जेल भेज रहे हैं... आज आपने मेरे निजी सहायक (पीए) बिभव कुमार को जेल भेज दिया। अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि भाजपा कह रही है कि वे आप सांसद राघव चड्ढा और दिल्ली के मंत्रियों आतिशी और सौरभ भारद्वाज को भी जेल भेजेंगे। उन्होंने कहा कि मैं अपने विधायकों और सांसदों के साथ कल दोपहर को भाजपा कार्यालय जाऊंगा ताकि प्रधानमंत्री, जिसे चाहें उसे जेल भेज सकें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
