Delhi Crime News: साउथ दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में पुलिस ने एक फर्जी सोने की लूट की कहानी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला तब सामने आया जब मंटू मंडल नामक एक निर्माण ठेकेदार ने पुलिस को सूचना दी कि दो बाइक सवार बदमाशों ने उसका अपहरण कर लिया और उसके घर से सोना लूट लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए दक्षिण पूर्वी जिले की एंटी रॉबरी सेल और गोविंदपुरी थाने की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
जानें क्या है पूरा मामला
जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्ड्स से जो जानकारी मिली, उसने कहानी को पूरी तरह से पलट दिया। पुलिस को पता चला कि मंटू ने एक महीने पहले लाजपत नगर में एक साइट पर काम करने के दौरान उसके मालिक से एक आलमारी ली थी, जिसमें अनजाने में सोने के गहने रखे थे। मंटू ने 25 जून को इस आलमारी को कबाड़ी को बेच दी। जिसे आलमारी के लाकर में सोने के गहने मिले। कबाड़ी ने गहनों को मंटू को वापस लौटा दिया और आलमारी के असली मालिक को भी इसकी सूचना दे दी।
इसलिए रची नकली लूट की कहानी
जब आलमारी के असली मालिक ने गहनों की वापसी की मांग की। तब मंटू ने इससे बचने के लिए अपने दोस्त राजू के साथ मिलकर सोना लूटने की झूठी कहानी रच डाली। राजू ने दो अन्य युवकों को इस ‘नकली लूट’ में शामिल किया। पुलिस ने चारों आरोपियो को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से 60 ग्राम सोना और एक बाइक बरामद की है। पुलिस गोविंदपुरी थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
