दिल्ली : वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रवीर रंजन ने मंगलवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के महानिदेशक का पदभार संभाल लिया। वह 1993 बैच के AGMUT कैडर के अधिकारी हैं और इससे पहले CISF में एयरपोर्ट सुरक्षा सेक्टर की कमान संभाल रहे थे। सीआईएसएफ मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस मौके पर उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और बल के जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि “सीआईएसएफ को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना मेरी प्राथमिकता होगी। इसके लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल, पारदर्शी प्रशासन और कर्मियों के कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।”
- पढ़ाई और अनुभव दोनों में अव्वल
- प्रवीर रंजन की गिनती उन अधिकारियों में होती है जिन्होंने पढ़ाई और काम, दोनों में अपनी अलग पहचान बनाई है।
- दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास में स्नातकोत्तर
- उस्मानिया विश्वविद्यालय से पुलिस मैनेजमेंट में मास्टर्स
- सिंगापुर के नेशनल यूनिवर्सिटी और हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से पब्लिक मैनेजमेंट में मास्टर्स
- नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, दिल्ली से एलएलएम
32 साल की सेवा में उन्होंने कई अहम पदों पर काम किया है—दिल्ली पुलिस में स्पेशल सीपी (क्राइम और EOW), सीबीआई में डीआईजी और चंडीगढ़ के पुलिस महानिदेशक (2022-2024)। उनके बेहतरीन काम के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक फॉर डिस्टींग्विश्ड सर्विस (2016) और राष्ट्रपति पुलिस पदक फॉर मेरिटोरियस सर्विस (2009) से सम्मानित किया जा चुका है।
32वें डीजी बने
सीआईएसएफ की स्थापना से अब तक वह 32वें महानिदेशक बने हैं। उनकी नेतृत्व क्षमता और अनुभव से उम्मीद जताई जा रही है कि बल आने वाले दिनों में और मजबूत होगा और देश के अहम ठिकानों की सुरक्षा और पुख्ता की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
