दिल्ली

क्यूआर कोड स्कैन करें, मलबा उठवाएं: MCD की नई डिजिटल पहल

निर्माण मलबे को लेकर एमसीडी की नई डिजिटल पहल सामने आई है। लोग ऑनलाइन या क्यूआर कोड से मलबा उठाने की रिक्वेस्ट कर सकेंगे।

Image

क्यूआर कोड स्कैन करें, मलबा उठवाएं: MCD की नई डिजिटल पहल

दिल्ली में निर्माण कार्यों से निकलने वाले मलबे के निपटारे को आसान बनाने के लिए नगर निगम ने नई डिजिटल सुविधा शुरू की है। दिल्ली के महापौर सरदार राजा इक़बाल सिंह ने सोमवार को “दिल्ली मलबा पोर्टल” लॉन्च किया। इसका मकसद शहर में इधर-उधर फेंके जाने वाले मलबे पर रोक लगाना और उसके सही निस्तारण की व्यवस्था करना है।

नगर निगम के मुताबिक अब आम लोग, बिल्डर, ठेकेदार, सरकारी एजेंसियां या कोई भी इस पोर्टल के जरिए मलबा उठाने की ऑनलाइन रिक्वेस्ट कर सकता है। इसके लिए पोर्टल पर जाकर जानकारी भरनी होगी या फिर क्यूआर कोड स्कैन करना होगा। रिक्वेस्ट दर्ज होते ही उसे अधिकृत ट्रांसपोर्टर्स से जोड़ा जाएगा, जो मलबे को तय कलेक्शन सेंटर या रीसाइक्लिंग प्लांट तक पहुंचाएंगे।

महापौर राजा इक़बाल सिंह ने कहा कि दिल्ली में अक्सर सड़कों के किनारे या खाली जगहों पर मलबा फेंक दिया जाता है, जिससे गंदगी और प्रदूषण दोनों बढ़ते हैं। उनका कहना है कि यह पोर्टल लोगों को सही तरीके से मलबा उठवाने की सुविधा देगा और शहर को साफ रखने में मदद करेगा।

इस मौके पर एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हर दिन बड़ी मात्रा में निर्माण और तोड़फोड़ का मलबा निकलता है। अगर इसका सही प्रबंधन न हो तो इससे धूल और प्रदूषण बढ़ता है और कई जगहों पर अतिक्रमण भी हो जाता है। नया पोर्टल इस समस्या से निपटने में मदद करेगा।

नगर निगम का कहना है कि यह पहल आने वाले सीएंडडी वेस्ट मैनेजमेंट नियम 2025 को ध्यान में रखकर शुरू की गई है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगे। इसके जरिए मलबे की ट्रैकिंग भी आसान होगी और उसे रीसाइक्लिंग के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा। एमसीडी ने लोगों से अपील की है कि मलबा कहीं भी फेंकने के बजाय इस सुविधा का इस्तेमाल करें। किसी भी जानकारी के लिए निगम के टोल-फ्री नंबर 155305 पर संपर्क किया जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Prerit Kumar
प्रेरित कुमार author

मैं एक जिज्ञासु पत्रकार हूँ, जो खबरों के हर पहलू को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में ... और देखें

End of Article