शहर

दिन हो या रात, बदरीनाथ हाईवे पर जाम ही जाम, मारवाड़ी-विष्णुप्रयाग-बलदौड़ा तक रेंगते रहे वाहन, पिंडदान करने जा रहे श्रद्धालु परेशान

Badrinath Highway Traffic Jam: बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मारवाड़ी से विष्णुप्रयाग और बलदौड़ा तक वाहनों की लंबी कतार ने श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ा दी है। रात में भी जाम की स्थिति बनी हुई है और हाईवे पर कई किलोमीटर तक वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। पितृपक्ष में पिंडदान और तर्पण के लिए बदरीनाथ पहुंच रहे श्रद्धालु घंटों जाम में फंसने से परेशान हैं।

Image

बदरीनाथ हाईवे पर थमी गाड़ियों की रफ्तार

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Badrinath Highway Traffic Jam: बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बार फिर यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। मारवाड़ी से विष्णुप्रयाग और बलदौड़ा तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। हालात ऐसे हैं कि दिन के साथ-साथ रात में भी हाईवे पर जाम की स्थिति बनी हुई है। कई किलोमीटर तक वाहन धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रहे हैं, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बदरीनाथ धाम की यात्रा का दूसरा चरण चल रहा

बताया जा रहा है कि बदरीनाथ धाम की यात्रा का दूसरा चरण चल रहा है, लेकिन हाईवे पर यातायात की स्थिति देखकर ऐसा लग रहा है जैसे यात्रा का शुरुआती दौर हो। बरसात के बाद प्रशासन के पास सड़क और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पर्याप्त समय था, लेकिन इसके बावजूद हाईवे पर जाम की समस्या कम होती नजर नहीं आ रही है।

10 से 12 किलोमीटर तक पहुंच रही जाम की लंबाई

स्थानीय स्तर पर जाम की एक बड़ी वजह सड़क किनारे और हाईवे पर जमा मलबे को बताया जा रहा है। बारिश के बाद कई स्थानों पर सड़क संकरी हो गई है। ऐसे में वाहनों का दबाव बढ़ते ही यातायात प्रभावित होने लगता है और देखते ही देखते कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग जाती है। जानकारी के मुताबिक, कई बार जाम की लंबाई 10 से 12 किलोमीटर तक पहुंच रही है।

पिंडदान और तर्पण के लिए धाम पहुंच रहे श्रद्धालु

इस बीच पितृपक्ष के चलते बदरीनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। बड़ी संख्या में लोग अपने पितरों की तिथि के अनुसार पिंडदान और तर्पण के लिए धाम पहुंच रहे हैं। लेकिन जाम में घंटों फंसने के कारण श्रद्धालुओं को समय पर बदरीनाथ पहुंचने में दिक्कत हो रही है।श्रद्धालुओं का कहना है कि धार्मिक अनुष्ठान निर्धारित तिथि और समय के अनुसार करने होते हैं।

ऐसे में लंबे जाम के कारण उन्हें मानसिक परेशानी के साथ-साथ अपनी यात्रा की योजना में भी बदलाव करना पड़ रहा है। अब लोगों की मांग है कि प्रशासन हाईवे से मलबा हटाने के साथ यातायात व्यवस्था को तत्काल बेहतर करे, ताकि बदरीनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article