शहर

मानेसर लैंड स्कैम में TDI ग्रुप पर ED की छापेमारी, 33 एकड़ जमीन की खरीद-फरोख्त जांच के घेरे में

रविंदर तनेजा TDI ग्रुप के चेयरपर्सन हैं और TDI Infratech Ltd समेत कई कंपनियों के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। जांच में TDI ग्रुप के कथित तौर पर अतुल बंसल और उनकी ABWIL ग्रुप की कंपनियों के साथ जमीन से जुड़े लेनदेन की जांच की जा रही है।

Image

ईडी की कार्रवाई

गुरुग्राम के मानेसर लैंड स्कैम मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने TDI ग्रुप के चेयरपर्सन रविंदर तनेजा से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की है। ED की चंडीगढ़ जोन-1 टीम ने 28 सितंबर को नई दिल्ली और एसएएस नगर स्थित उनके कारोबारी और आवासीय परिसरों पर तलाशी ली। यह कार्रवाई CBI की FIR के आधार पर चल रही मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत की गई।

ED के मुताबिक, रविंदर तनेजा TDI ग्रुप के चेयरपर्सन हैं और TDI Infratech Ltd समेत कई कंपनियों के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। जांच में TDI ग्रुप के कथित तौर पर अतुल बंसल और उनकी ABWIL ग्रुप की कंपनियों के साथ जमीन से जुड़े लेनदेन की जांच की जा रही है।

अधिग्रहण के डर से किसानों से सस्ते में खरीदी जमीन

जांच के मुताबिक, मानेसर, नौरंगपुर और लखनौला गांवों में 2007 में अधिग्रहण के लिए 400 एकड़ से ज्यादा जमीन चिन्हित की गई थी। आरोप है कि अधिग्रहण के डर के कारण निजी बिल्डरों और बिचौलियों ने किसानों से यह जमीन काफी कम कीमत पर खरीद ली। बाद में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी और अधिग्रहण की कार्रवाई खत्म हो गई। इसके बाद इसी जमीन को बिचौलियों ने काफी ऊंची कीमत पर बेच दिया। ED का कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया में भारी मुनाफा कमाया गया।

TDI ग्रुप ने तीन कंपनियों के जरिए खरीदी करीब 33 एकड़ जमीन

ED की जांच में सामने आया है कि 2005 से 2007 के बीच TDI ग्रुप ने तीन कंपनियों का इस्तेमाल कर करीब 33 एकड़ जमीन किसानों से खरीदी। इन कंपनियों के नाम Indo Asian Construction Co. Pvt. Ltd., NCR Properties Pvt. Ltd. और Divya Jyoti Enterprises Pvt. Ltd. हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, इन कंपनियों के जरिए किसानों से खरीदी गई जमीन बाद में अतुल बंसल ग्रुप को काफी ज्यादा कीमत पर बेची गई। ED ने रविंदर तनेजा के नेतृत्व वाले TDI ग्रुप की भूमिका को इस जमीन सौदेबाजी में एक बिचौलिए के तौर पर चिन्हित किया है।

तीन दिन से ज्यादा चली तलाशी,दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त

ED की कार्रवाई तीन दिन से ज्यादा समय तक चली। तलाशी के दौरान अधिकारियों को दूसरे प्रोजेक्ट से जुड़ी कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। एजेंसी अब इन रिकॉर्ड की अलग से जांच कर रही है। तलाशी में बड़ी संख्या में प्रोजेक्ट से जुड़े रिकॉर्ड और फाइलें, कंप्यूटर, हार्ड डिस्क, सर्वर और डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए हैं। इसके अलावा कुछ लग्जरी गाड़ियों को भी जब्त किया गया है। ED ने इन्हें अपराध से अर्जित आय से जुड़ी संपत्ति यानी Proceeds of Crime के तौर पर चिन्हित किया है।

फिलहाल जब्त दस्तावेजों, डिजिटल उपकरणों, संपत्तियों और TDI ग्रुप की वित्तीय गतिविधियों की जांच जारी है। ED के मुताबिक, जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और जानकारी सामने आ सकती है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें