दिल्ली

...आ गए रूसी राष्ट्रपति पुतिन, बदला रहेगा दिल्ली का ट्रैफिक सिस्टम; इन रास्तों पर जाने से बचें

ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि रूट ज्यादा देर के लिए नहीं रोके जाएंगे और काफिले को जल्दी आगे बढ़ाया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, पुतिन गुरुवार शाम पालम एयरपोर्ट से सरदार पटेल मार्ग स्थित होटल जाएंगे। इस दौरान एनएच-8, धौला कुआं और दिल्ली कैंट क्षेत्रों में ट्रैफिक पर असर पड़ सकता है।

Delhi Putin Visit  Traffic Diversion

(सांकेतिक फोटो)

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार शाम दिल्ली पहुंच गए हैं। उनकी यात्रा के दौरान उनका काफिला राजधानी की कई सड़कों से गुजरेगा। इसके लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पूरी कमर कस ली है। खासकर शुक्रवार को नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली के कई हिस्सों में ट्रैफिक जाम और रूट डायवर्जन का सामना करना पड़ सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षा कारणों से कुछ मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट थोड़े समय के लिए रोकी जा सकती हैं। अधिकारियों का कहना है कि पुतिन की सुरक्षा को देखते हुए ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है।

ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि रूट ज्यादा देर के लिए नहीं रोके जाएंगे और काफिले को जल्दी आगे बढ़ाया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, पुतिन गुरुवार शाम पालम एयरपोर्ट से सरदार पटेल मार्ग स्थित होटल जाएंगे। इस दौरान एनएच-8, धौला कुआं और दिल्ली कैंट क्षेत्रों में ट्रैफिक पर असर पड़ सकता है।

शाम को वह डिनर के लिए प्रधानमंत्री आवास जाएंगे। उस समय भी सरदार पटेल मार्ग, पंचशील मार्ग, शांति पथ और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक धीमा रह सकता है।

शुक्रवार को ट्रैफिक पर सबसे ज्यादा असर पड़ेगा। तय कार्यक्रम के मुताबिक, सुबह पुतिन राजघाट और हैदराबाद हाउस जाएंगे। दोपहर में उनका कार्यक्रम भारत मंडपम् में है और शाम को राष्ट्रपति भवन में डिनर सहित अन्य कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों के दौरान सुबह राजघाट, शांति वन, राजाराम कोहली मार्ग, रिंग रोड, दिल्ली गेट, आईटीओ, तिलक मार्ग, इंडिया गेट के आस-पास ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है। दोपहर में मथुरा रोड, भैरो रोड, इंडिया गेट, मंडी हाउस और आईटीओ के पास ट्रैफिक पर असर पड़ेगा।

दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी

दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, 05 दिसंबर को प्रशासनिक आवश्यकताओं के संबंध में डब्ल्यू पॉइंट, ए पॉइंट, आईटीओ चौक, बीएसजेड मार्ग, दिल्ली गेट, जेएलएन मार्ग, राजघाट क्रॉसिंग, शांति वन क्रॉसिंग, हनुमान सेतु-वाई पॉइंट, नेताजी सुभाष मार्ग, निषाद राज मार्ग, सलीमगढ़ फ्लाईओवर बाईपास, एमजीएम-प्रगति मैदान सुरंग से हनुमान सेतु, कश्मीरी गेट, विकास मार्ग और आईपी मार्ग के आसपास कैरिजवे और सर्विस रोड पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे।

कहां रहेगा डायवर्जन

  • प्रभावित मार्ग: सुबह 09:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक इन मार्गों से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
  • पार्किंग: केवल निर्दिष्ट क्षेत्रों में। बहादुर शाह ज़फर मार्ग, जेएलएन मार्ग और रिंग रोड पर हनुमान सेतु–शांति वन से राजघाट, आईपी फ्लाईओवर से प्रगति मैदान सुरंग और निषाद राज मार्ग, आईपी मार्ग (दोनों कैरिजवे) तक कोई भी वाहन न पार्क करें।
  • वाहन: नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन टो किए जाएंगे और उचित कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
  • यातयात पुलिस के निर्देशों का पालन करें

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra Kumar
Pushpendra Kumar author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article