शहर

रीवा में दिनदहाड़े 14 साल की छात्रा का अपहरण, पुलिस की नाकेबंदी देख रास्ते में छोड़कर भागे आरोपी

Rewa Kidnapping News: स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब 14 साल की छात्रा अपनी सहेली के साथ पैदल अपने घर लौट रही थी, तभी अचानक एक तेज रफ्तार कार आकर रुकी और गाड़ी सवार युवकों ने छात्रा को जबरन खींचकर गाड़ी में बिठा लिया।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- AI Created)

Rewa Kidnapping News: रीवा शहर के बिछिया थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां स्कूल से घर लौट रही 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा का बोलेरो सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी और तेज कार्रवाई के चलते बदमाश खुद को घिरता देख छात्रा को बीच रास्ते में छोड़कर फरार हो गए। यह पूरी घटना शहर के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वामी विवेकानंद स्कूल के पास की है।

14 साल की लड़की का सरेआम अपहरण

दोपहर के समय स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब 14 साल की छात्रा अपनी सहेली के साथ पैदल अपने घर लौट रही थी, तभी अचानक एक तेज रफ्तार कार आकर रुकी और गाड़ी सवार युवकों ने छात्रा को जबरन खींचकर गाड़ी में बिठा लिया। छात्रा की चीख-पुकार सुनकर मौके पर हड़कंप मच गया। छात्रा की सहेली ने तुरंत इसकी जानकारी छात्रा के परिजनों को दी। वारदात के समय छात्रा के माता-पिता काम पर गए हुए थे। जैसे ही परिजनों को बच्ची के अपहरण की खबर मिली, परिवार में हड़कंप मच गया और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

रीवा पुलिस की तत्परता से बची छात्रा

वारदात की गंभीरता को देखते हुए रीवा पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। बिछिया थाना, समान थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीमों को तैनात किया गया, साथ ही शहर के तमाम एग्जिट पॉइंट्स और प्रमुख चौराहों पर कड़ी नाकेबंदी कर दी गई। चारों तरफ से पुलिस का शिकंजा कसता देख अपहरणकर्ताओं के हौसले पस्त हो गए और पकड़े जाने के डर से वे छात्रा को चिरौहला के समीप रास्ते में ही छोड़कर वाहन सहित फरार हो गए।

एक घंटे के भीतर छात्रा हुई बरामद

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छात्रा को सुरक्षित अपनी कस्टडी में लिया। सूचना मिलते ही महज एक घंटे के भीतर पुलिस ने छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में घेराबंदी कर कार सहित एक युवक को हिरासत में लिया है, जबकि दूसरे युवक की तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस महिला अधिकारियों की मौजूदगी में छात्रा के बयान दर्ज कर रही है और पुरानी रंजिश सहित अन्य एंगलों को लेकर मामले की जांच कर रही है। फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

Makarand Kale
मकरंद कालेauthor

सुखदुःखे समे कृत्वा लाभालाभौ जयाजयौ।\nततो युद्धाय युज्यस्व नैवं पापमवाप्स्यसि\n\nसाल 2008 में by chance journalist बना। 2013 से by choice journalist हूं। कहते हैं ना कि अच्छे काम में पहले बहुत परेशानियां आती हैं। और बाद में उसी की आदत पड़ जाती है।

और पढ़ें
End of Article