देश

बंगाल में ईसाई परिवारों से मारपीट पर गर्मायी सियासत, वेणुगोपाल ने अमित शाह को लिखा पत्र; कहा- आरोपियों को करें गिरफ्तार

Religious Conversion Row: कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने बंगाल के तीन ईसाई परिवारों पर कथित हमले को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

Image

कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल (फोटो साभार: @kcvenugopalmp)

Photo : Twitter

Religious Conversion Row: कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में तीन ईसाई परिवारों पर कथित हमले और उन्हें धर्म छोड़ने के लिए मजबूर किए जाने के मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। उन्होंने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने की अपील की।

सार्वजनिक लेखा समिति (PAC) के अध्यक्ष वेणुगोपाल ने चंद्रकोना थाना क्षेत्र के पटलापुर गांव में हुई कथित घटना को 'बेहद चिंताजनक' बताया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

'ईसाई परिवारों के साथ हुई मारपीट'

कांग्रेस नेता ने पत्र में आरोप लगाया कि दुर्गा पूजा के दौरान 18 से 20 अक्टूबर तक लगातार तीन दिनों में तीन ईसाई परिवारों के सदस्यों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, उन्हें अपमानित किया गया और अपना धर्म छोड़ने के लिए मजबूर किया गया। उन्होंने कहा कि ईसाई धर्म छोड़ने से इनकार करने पर परिवारों को धमकाया गया और उनके साथ मारपीट की गई।

बकौल वेणुगोपाल, कथित हमले में एक महिला के सिर पर चोट लगी और वह बेहोश हो गई, जबकि 15 वर्षीय एक लड़की का कथित तौर पर गला दबाया गया और उसे अगवा करने तथा दुष्कर्म करने की धमकी दी गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि 19 अक्टूबर को इन परिवारों को पड़ोसी गांव डिंगल के एक दुर्गा पूजा पंडाल में ले जाया गया। वहां कथित तौर पर उन्हें लोगों के सामने जबरन अंजलि देने और तथाकथित 'शुद्धिकरण' अनुष्ठान में हिस्सा लेने के लिए मजबूर किया गया।

'जिंदा जलाने की दी धमकी'

वेणुगोपाल ने पत्र में यह भी कहा कि परिवारों को धमकी दी गई कि यदि उन्होंने पुलिस से संपर्क किया तो उन्हें जिंदा जला दिया जाएगा।

पुलिस कार्रवाई पर भी उठाए सवाल

वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि घटना के पहले दिन दर्ज कराई गई शिकायत पर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की। बकौल वेणुगोपाल, तीनों परिवारों की ओर से एक वकील के दखल देने के बाद 20 अक्टूबर को 13 लोगों के नाम पर एफआईआर दर्ज की गई। उन्होंने अमित शाह से भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की लागू धाराओं के तहत सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article