UP PET Exam Guidelines 2026: उत्तर प्रदेश में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (UP PET 2026) को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन समेत पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, परिवहन और अन्य संबंधित विभागों को परीक्षा की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि परीक्षा निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और बिना किसी बाधा के पूरी कराई जाए। नकल रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखने और गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम
परीक्षा के दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की जाएगी। परीक्षा सामग्री को सुरक्षित रखने और उसे तय व्यवस्था के तहत केंद्रों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। हर जिले में कंट्रोल रूम बनाकर परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर नजर रखी जाएगी।
सोशल मीडिया पर अफवाह या गलत जानकारी फैलाने वालों पर भी निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए स्थानीय अभिसूचना तंत्र को सक्रिय रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: UP TGT के 17,735 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, जानें कब होगी परीक्षा
अभ्यर्थियों के लिए बसों, ट्रेनों और हेल्प डेस्क की व्यवस्था
परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए अतिरिक्त बसों और ट्रेनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और परीक्षा केंद्रों पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएंगी। शहरों में ट्रैफिक जाम रोकने और निर्धारित किराये से अधिक वसूली पर नजर रखने को भी कहा गया है।
इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पतालों में पर्याप्त स्टाफ तथा जरूरी दवाएं उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल और रैन बसेरों की जांच पर भी जोर दिया गया है।
अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग टाइम और जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी के लिए अपने एडमिट कार्ड में दिए गए निर्देश ध्यान से पढ़ें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: UP में प्रधानाचार्य भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, 1475 पदों के लिए जानें कब होगी परीक्षा
