Delhi NCR Rain: इन दिनों दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही भारी बारिश ने हालात बेकाबू कर दिए हैं। समझ नहीं आ रहा कि यह इंद्र देव का आशीर्वाद है या कोई श्राप, क्योंकि मौसम विभाग हर दिन नया अलर्ट जारी कर रहा है। बुधवार को भी राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर के क्षेत्रों के कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।
यमुना बाजार जैसे क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी हालात कुछ अलग नहीं रहे। बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न हो गई।
PTI से मिली जानकारी के मुताबिक, आईटीओ से कश्मीरी गेट तक लोगों का हाल-बेहाल होते हुए दिख रहा है। यहां भारी जाम के हालातों से सबसे ज्यादा दिक्कत उन्हें हुई जो ऑफिस से घर जा रहे हैं।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर तो ग्रेटर नोएडा से दिल्ली जाने वाली लेन पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। ट्रैफिक पुलिस हालात सामान्य करने के लिए लगातार प्रयासरत रही।
लगातार उफान पर यमुना नदी
वहीं, यमुना नदी लगातार उफान पर बनी हुई है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश के कारण नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। हथिनीकुंड बैराज से लगातार डेढ़ लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी दिल्ली की ओर छोड़ा जा रहा है। 1 सितंबर की सुबह 4 बजे 1,61,514 क्यूसेक पानी आने पर ‘मिनी फ्लड’ घोषित किया गया, और फिर 7 बजे 2,72,645 क्यूसेक पानी के साथ ‘हाई फ्लड’ की घोषणा कर दी गई। इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक जलस्तर सोमवार को रिकॉर्ड किया गया, जब बैराज से 3,29,313 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
हथिनीकुंड बैराज से पानी का प्रवाह
3 सितंबर को हथिनीकुंड बैराज से पानी के प्रवाह का आंकड़ा इस प्रकार रहा:
- सुबह 7 बजे: 1,63,994 क्यूसेक
- सुबह 8 बजे: 1,62,779 क्यूसेक
- सुबह 9 बजे: 1,60,359 क्यूसेक
- सुबह 10 बजे: 1,58,552 क्यूसेक
- सुबह 11 बजे: 1,59,153 क्यूसेक
- दोपहर 12 बजे: 1,57,951 क्यूसेक
- दोपहर 1 बजे: 1,58,552 क्यूसेक
- दोपहर 2 बजे: 1,61,567 क्यूसेक
- दोपहर 3 बजे: 1,62,779 क्यूसेक
बाढ़ की स्थिति पर NDRF का बयान
दिल्ली में बाढ़ की गंभीर स्थिति को लेकर एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) के डीआईजी मोहसेन शाहेदी ने जानकारी दी है कि बीते सप्ताह हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़ा गया, जिससे यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया। उन्होंने बताया, "दिल्ली में बारिश के चलते जलभराव की स्थिति बनी और यमुना के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि हुई।
हालात को देखते हुए कल दोपहर से एनडीआरएफ की 5 टीमें तैनात कर दी गईं। प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकाला गया और राहत शिविरों में पहुंचा दिया गया है।" डीआईजी शाहेदी ने यह भी कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ की टीमें अलर्ट मोड पर हैं।
मजनू का टीला से सलीमगढ़ बाईपास तक यातायात प्रभावित
यमुना नदी के जलस्तर में वृद्धि के चलते दिल्ली के आउटर रिंग रोड पर मजनू का टीला से सलीमगढ़ बाईपास तक यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। वजीराबाद–सिग्नेचर ब्रिज और चांदगीराम अखाड़ा–आईपी कॉलेज रेड लाइट के बीच ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इन प्रभावित रास्तों से बचें, वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें, सड़क किनारे वाहन न खड़ा करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
दिल्ली सचिवालय तक पहुंचा यमुना का पानी
यमुना का पानी अब दिल्ली सचिवालय की चौखट तक पहुंच गया है। बताया जा रहा है कि, सचिवालय की पार्किंग तक पानी भर चुका है, जिसे निकालने के लिए मोटर पंप लगाए गए हैं। इसी बीच यह भी जानकारी मिली है कि, यमुना का जलस्तर 207.37 मीटर दर्ज किया गया है। वहीं, निगम बोध घाट पर आज शाम से अंतिम संस्कार पर रोक लगा दी गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
