दिल्ली

अब चकाचक होंगी सदर और चांदनी चौक की गलियां, CM रेखा गुप्ता ने उठाया अहम कदम

चांदनी चौक और सदर बाजार की तंग गलिया, गंदगी और हर तरफ अतिक्रमण अब बीते दौर की बात हो जाएगी। क्योंकि यहां के व्यापारियों ने दिल्ली सरकार को अपने बाजारों के पुनर्विकास के लिए एक प्रस्ताव प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस संबंध में मंत्री मनजंदिर सिंह सिरसा को निर्देश दिए हैं।

Image

चांदनी चौक और सदर बाजार की शक्ल-ओ-सूरत बदलेगी

Photo : Twitter

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनकी सरकार दिल्ली की समस्याओं को दूर करने के लिए लगातार काम कर रही हैं। बड़ी उम्मीदों के साथ दिल्ली के लोगों ने भाजपा को बहुमत दिया है, ऐसे में उन उम्मीदों पर खरा उतरना भी सरकार की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने चांदनी चौक और सदर बाजार के रीडेवलपमेंट प्रस्ताव पर विचार किया है।

नई दिल्ली के चांदनी चौक और सदर बाजार के व्यापारी संगठनों ने यहां जाम, अतिक्रमण, आग और गंदगी जैसी समस्याओं से निपटने के लिए दिल्ली सरकार के सामने एक संयुक्त पुनर्विकास योजना प्रस्तुत की है। यह पहली बार है जब दोनों बाजारों के व्यापारी एक साथ आकर 100 फीसद पुनर्विकास का मसौदा लेकर आए हैं।

इस योजना में बहुमंजिला, एसी बड़ी दुकानें, चौड़ी सड़कें, खुला माहौल और आपदा प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम शामिल हैं। इसके साथ ही लोगों और सामानों की आवाजाही के लिए लिफ्ट की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। यह मसौदा दिल्ली व्यापार महासंघ के नेतृत्व में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक रमेश खन्ना की अगुवाई में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा को सौंपा गया।

मुख्यमंत्री ने हाल ही में पुरानी दिल्ली के बाजारों को बाहरी इलाकों में स्थानांतरित करने का विचार व्यक्त किया था, जिसे व्यापारियों ने अस्वीकार कर पुनर्विकास की मांग की। व्यापारी स्पष्ट कर चुके हैं कि वे अपनी वर्तमान जगह से विस्थापित नहीं होना चाहते, बल्कि उसी क्षेत्र में पुनर्विकास चाहते हैं, जो पीपीपी मॉडल पर हो।

सदर बाजार को 12 एकड़ के खाली स्लॉटर हाउस क्षेत्र में अस्थाई रूप से स्थानांतरित करने का प्रस्ताव रखा गया है, जबकि चांदनी चौक के लिए पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने चार क्लब भवनों का उपयोग करने की योजना है। बैठक में खारी बावली की टूटी सड़क के तत्काल निर्माण और भागीरथ पैलेस को अतिक्रमण मुक्त करने का भी निर्णय लिया गया।

मुख्यमंत्री ने इस परियोजना की जिम्मेदारी उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा को सौंपी है और निर्देश दिए हैं कि पुनर्विकास कार्य बिना किसी व्यापारी को हटाए पूरा किया जाए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article