गाजियाबाद

गाजियाबाद किशोरी से गैंगरेप, रिश्ते में मुख्य आरोपी की बुआ लगती है पीड़ित

रिश्तों की गरिमा को ताड़-ताड़ करने वाला गैंगरेप के एक मामला गाजियाबाद से सामने आया है। यहां 14 साल की एक किशोरी से गैंगरेप हुआ, जिसमें पीड़ित किशोरी रिश्ते में मुख्य आरोपी की बुआ लगती है।

Image

गाजियाबाद में किशोरी से गैंगरेप

Photo : Twitter

आंकड़े बताते हैं कि लड़कियों के साथ सबसे ज्यादा हिंसा और उत्पीड़न की घटनाएं अपने और परिचितों के द्वारा ही होते हैं। जमाने की बुरी नजर से बचाने के लिए जिन अपनों पर बच्चियां भरोसा करती हैं, कई बार वही उनका शोषण करने से बाज नहीं आते। ऐसा ही एक मामला दिल्ली से सटे गाजियाबाद से सामने आया है। यहां नगर कोतवाली क्षेत्र में एक किशोरी के साथ गैंगरेप की घटना हुई, जिसमें आरोपी उस किशोरी का रिश्ते का भतीजा है।

पीड़ित किशोरी रिश्ते में गैंगरेप के मुख्य आरोपी की बुआ लगती है। नगर कोतवाली क्षेत्र की इस गैंगरेप की घटना को तीन आरोपियों ने अंजाम दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। घटना 12 मई की बतायी जा रही है।

नगर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति का आरोप है कि उनकी 14 साल की बेटी घर का सामान लेने के लिए दोपहर में दुकान पर जा ही थी। जैसे ही वह पीएसी चौक पर पहुंची तो वहां पर उसे उनका रिश्तेदार आसिफ मिला। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी दूर के रिश्ते में आसिफ की बुआ लगती है। आरोप है कि आसिफ सामान दिलाने और फिर घर छोड़ने के बहाने उनकी बेटी को नवयुग मार्केट स्थित एक होटल में ले गया।

पिता का कहना है कि होटल देखकर बेटी ने अंदर जाने से इनकार किया, लेकिन आसिफ उसे जबरन खींचकर होटल के कमरे में ले गया। आरोप है कि आसिफ ने किशोरी के साथ होटल के कमरे में मारपीट भी की। आसिफ ने फोन करके अपने दोस्तों गोलू और अरमान को भी होटल के कमरे में बुला लिया।

पिता का आरोप है कि पहले आसिफ ने उनकी बेटी के साथ बलात्कार किया, इसके बाद उसके दोस्तों ने भी उनकी बेटी के हाथ-पांव बांधकर दुष्कर्म किया। पिता का कहना है कि गोलू ने उनकी बेटी के साथ अप्राकृतिक यौन शोषण भी किया और मोबाइल में उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया।

दुष्कर्म के बाद तीनों ने किशोरी पर तमंचा तानकर किसी को भी इस घटना के बारे में न बताने को कहा। साथ ही धमकी दी कि शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मार देंगे और वीडियो भी वायरल करने की धमकी दी। पिता का कहना है कि उस दिन की घटना के बाद उनकी बेटी डरी-सहमी रहने लगी।

धमकी के डर से उसने परिवारजनों को कुछ नहीं बताया। आखिर 15 मई को पूछने पर उसने पूरी आपबीती बतायी, जिससे परिजनों के पांव तले जमीन खिसक गई। पीड़ित परिजनों ने पुलिस आयुक्त के कार्यालय में इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई। नगर कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार हाल ही में आसिफ का निकाह हुआ था। जिस दिन किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई, उसी दिन उसका वलीमा यानी रिसेप्शन था। पुलिस के अनुसार होटल की सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों की लोकेशन की जांच की जा रही है। सभी सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article