दिल्ली

दिल्ली BJP को मिल गया नया दफ्तर, पीएम मोदी ने जाकर किया उद्घाटन, कहा- 'कार्यकर्ताओं की कुर्बानियां ताकत'

पीएम ने नए ऑफिस के उद्घाटन के बाद कहा कि दिल्ली और बीजेपी का रिश्ता सिर्फ एक शहर और एक पार्टी का नहीं है। यह सेवा और संस्कृति से जुड़ा है। पहले जनसंघ और फिर बीजेपी के रूप में, हमारी पार्टी दिल्ली के लोगों के दिलों से जुड़ी रही है और उनके हितों के लिए काम करती रही है।

Image

पीएम मोदी ने किया दिल्ली BJP के नए दफ्तर का उद्घाटन। Photo-ANI

PM Modi inaugurates BJP Delhi new office: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर भाजपा के दिल्ली कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि आज नवरात्रि के इन पावन दिनों में, दिल्ली बीजेपी को अपना नया ऑफिस मिल गया है। दिल्ली बीजेपी के सभी कार्यकर्ताओं को मेरी हार्दिक बधाई।

'कार्यकर्ताओं की कुर्बानियां ताकत'

पीएम मोदी ने कहा, 'बीजेपी को स्थापना के 45 साल हो गए हैं... लेकिन बीजेपी जिस बीज से इतना बड़ा बरगद का पेड़ बनी, वह अक्टूबर 1951 में बोया गया था, जब डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में जनसंघ की स्थापना हुई थी... आज दिल्ली बीजेपी की जो ताकत है, वह पिछले कई दशकों में हमारे लाखों कार्यकर्ताओं की कुर्बानियों और कड़ी मेहनत का नतीजा है।'

'एक शहर और एक पार्टी का रिश्ता नहीं'

पीएम ने नए ऑफिस के उद्घाटन के बाद कहा, 'दिल्ली और बीजेपी का रिश्ता सिर्फ एक शहर और एक पार्टी का नहीं है। यह सेवा और संस्कृति से जुड़ा है। पहले जनसंघ और फिर बीजेपी के रूप में, हमारी पार्टी दिल्ली के लोगों के दिलों से जुड़ी रही है और उनके हितों के लिए काम करती रही है। जनसंघ की स्थापना के समय से ही, हमने दिल्ली के लोगों की हर तरह से सेवा की है। विभाजन के बाद दिल्ली आए लोगों के पुनर्वास के लिए जनसंघ के कार्यकर्ताओं ने व्यवस्था की। जब मेट्रोपॉलिटन काउंसिल बनी, तो आडवाणी और वी.के. मल्होत्रा जैसे नेता दिल्ली की जनता की आवाज बने।'

पीएम मोदी ने किया आपातकाल का जिक्र

उन्होंने कहा, 'आपातकाल के दौरान, जनसंघ के नेताओं ने सरकार के अत्याचार के खिलाफ दिल्ली के लोगों के साथ मिलकर लड़ाई लड़ी। 1984 के सिख दंगों के दौरान, दिल्ली की आत्मा और मानवता को गहरा धक्का लगा। उस समय दिल्ली बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने अपने सिख भाइयों और बहनों की हर संभव तरीके से रक्षा की।'

27 साल बाद सत्ता में लौटी BJP

उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा व दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता भी शामिल रहीं। बता दें कि बीजेपी इस साल फरवरी में 27 साल बाद दिल्ली में सत्ता में आई। वहीं, आज सुबह दिल्ली की मुख्यमंत्री ने नए बीजेपी दिल्ली मुख्यालय में हवन किया था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article