Delhi Monsoon Rain: देशभर में मानसून को लेकर खुशखबरी है। दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और पश्चिमी राज्यों के बाद उत्तर भारत को भिगाने की तैयारी है। अब उत्तरी राज्यों को गर्मी से राहत दिलाने वाला खबर सामने आ गई है। पिछले दो दिनों में मध्य, पश्चिमी और पूर्वी भारत के बड़े हिस्से में पहुंचने वाला दक्षिण-पश्चिमी मानसून अगले दो से तीन दिनों में दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में दस्तक दे सकता है, तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश तापमान का गुणा-गणित बिगाड़ देगी, जिससे एनसीआर के लोगों को कुछ दिन तक गर्मी का सामना नहीं करना पड़ेगा। हालांकि, पिछले 2 दिन पूर्व हुई बारिश से फौरी तौर पर गर्मी से राहत मिली है।
कहां कब आएगा मानसून
आईएमडी के मुताबिक, 20 जून से 25 जून के बीच हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख सहित उत्तर-पश्चिमी भारत के बड़े हिस्सों में वर्षा का अनुमान है। आईएमडी के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि मानसून सामान्य तिथि 30 जून से पहले 22 जून तक दिल्ली पहुंच सकता है।
आईएमडी के मुताबिक, अगले सप्ताह में देश के शेष भागों में भी सामान्य तिथि से पहले ही मानसून की बारिश होने की संभावना है। जून के शुरू से वर्षा की कमी के कारण तापमान में तीव्र वृद्धि हुई, जिससे आठ-नौ जून से उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत के बड़े हिस्से में लोगों को लू की स्थिति का सामना करना पड़ा।
आईएमडी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल और गुजरात पर कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण मानसून 16 जून से 18 जून तक तेजी से आगे बढ़ा। मानसून आमतौर पर एक जून तक केरल में दस्तक देता है, 11 जून तक मुंबई पहुंचता है और आठ जुलाई तक पूरे देश में इस मौसमी प्रणाली के कारण बारिश होती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
