प्री मानसून के सक्रिय होने से उत्तर भारत का मौसम सुहावना हो गया है। दिल्ली से लेकर राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड और हरियाणा-पंजाब के अधिकतर हिस्सों में बादलों का पहरा है। मौसम विभाग ने अगले 3 से 4 दिन तेज हवाओं के झोंको के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी है। आईएमडी ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। मौसमी गतिविधियां बनने से लू का दौर लगभग खत्म हो गया है और फौरी तौर पर गर्मी से काफी राहत मिली है। कमोबेश यही हालात पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में देखे जा रहे हैं। खासकर, ऊंचाई वाले स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की जा रही है, जिससे लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है। उधर, पूर्वोत्तर के असम, ओडिशा, सिक्किम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है, जिससे नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी संभव है। दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के अधिकतर हिस्सों में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। इसके अतिरिक्त मुंबई समेत पूरे पश्चिम में मानसून मेहरबान है। गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा में बारिश का सिलसिला जारी रहने के संकेत हैं।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| भोपाल | 23 °C | 28 °C |
| जयपुर | 26 °C | 31 °C |
| पटना | 27 °C | 34 °C |
| लखनऊ | 27 °C | 36 °C |
| दिल्ली | 27 °C | 32 °C |
| मुंबई | 27 °C | 28 °C |
| हैदराबाद | 25 °C | 31 °C |
| चेन्नई | 29 °C | 37 °C |
| शिमला | 19 °C | 24 °C |
| देहरादून | 23 °C | 30 °C |
| कश्मीर | 14 °C | 21 °C |
यूपी में कल कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी पर अटैक करने के लिए दक्षिण-पश्चिम मानसून ने एंट्री ले ली है। हालांकि, यह 5 दिन लेट है। अगले एक से दो दिन में पूरे राज्य में मानसून का असर देखने को मिलेगा, जिससे बलिया, मऊ, गाजीपुर समेत पूर्वी यूपी के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। 19 से 22 जून के बीच कई हिस्सों में बूंदाबांदी के साथ मौसम में बदलाव के संकेत हैं, जिससे अधिकतम तापमान में काफी कमी आएगी। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी है। लिहाजा, लोगों को संभलकर रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने 24 जून तक बीच-बीच में आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। बादलों की आवाजाही और सूरज के तेवर कम होने से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। अगले 4 से 5 दिन तेज हवाओं के साथ बारिश से मौसम सुहावना रहने के संकेत हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर कितना?
दिल्ली और एनसीआर के अन्य शहरों में बारिश के प्रभाव से प्रदूषण के स्तर में कमी आई है। 19 जून को एक्यूआई 99 दर्ज की गयी, जो संतोषजनक श्रेणी में आती है। सीपीसीबी के आंकडों के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच को संतोषजनक, 101 से 200 के बीच को मध्यम, 201 से 300 के बीच को खराब, 301 से 400 के बीच को बेहद खराब और 401 से 500 के बीच को गंभीर माना जाता है। माना जा रहा है कि बरसात के सीजन में पॉल्यूशन का लेवल काफी डाउन रहेगा।
राजस्थान का मौसम
राजस्थान में दक्षिण पश्चिम मानसून के असर से कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। आईएमडी के मुताबिक, इस बार मानसून अपने सामान्य समय से एक सप्ताह पहले ही राज्य में दस्तक दे चुका है। अगले एक से दो दिन में राज्य के अधिकतर हिस्सों में इसके पहुंचने के आसार हैं। 19 और 20 जून को कोटा, उदयपुर, जयपुर, अजमेर और भरतपुर समेत कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है और अधिकतम तापमान में गिरावट देखी जाएगी, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
बिहार में कैसा रहेगा मौसम
बिहार को भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है। मानसून के दस्तक देते ही अधिकांश भागों में 19 से 23 जून के दौरान भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और कहीं-कहीं आकाशीय बिजली भी खतरा बनेगी, लिहाजा लोगों को सतर्क रहना होगा। इस बारिश से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में काफी कमी आने से लू और भीषण गर्मी से फौरी तौर पर राहत रहेगी।
झारखंड में मानसून की एंट्री
झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दस्तक देने से कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की जा रही है। मूसलाधार बारिश के कारण खरकई और स्वर्णरेखा के उफान पर होने के मद्देनजर अलर्ट जारी किया गया है। 20 जून को पूरे राज्य में तेज बारिश का पूर्वानुमान है, जिससे नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के संकेत हैं। डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों को अलर्ट किया गया है। मौसम विभाग ने रांची, गुमला, खूंटी, लोहरदगा और सिमडेगा के लिए अत्यधिक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
केरल में मानसूनी बारिश
दक्षिण भारत में मानसूनी बारिश जारी रहने से केरल का सामान्य जनजीवन प्रभावित है। कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना व्यक्त करते हुए केरल-कर्नाटक-लक्ष्यद्वीप तटों पर मछली पकड़ने की गतिविधियां न करने की चेतावनी दी है।
क्या होता है येलो, ऑरेंज और रेड अलर्ट?
भारत मौसम विज्ञान विभाग देश में मौसम से संबंधी अलर्ट जारी करने के लिए 4 रंगों की बात करता है। ये रंग और इनके संदेश ग्रीन अलर्ट यानी मौसम नॉर्मल, येलो अलर्ट यानी मौसम में थोड़ा बदलाव, नजर रखने की जरूरत, ऑरेंज अलर्ट यानी, मध्यम मौसमी गतिविधि और रेड अलर्ट यानी बड़ी मौसमी गतिविधि होगी और अत्यंत गंभीर स्थिति उतपन्न हो सकती है, जो जीवन के लिए खतरा साबित होगी। इसी के हिसाब से मौसम के प्रति सचेत रहने की चेतावनी दी जाती है।
