Delhi Airport News: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ब्रिटिश नागरिक इमिग्रेशन और सिक्योरिटी की निगरानी से निकलकर शहर में फरार हो गया। यह शख्स यूके डिपोर्ट किया जा रहा था और उसे थाईलैंड से दिल्ली ट्रांजिट कर ब्रिटेन ले जाना था। लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पर लेओवर और जरूरी फॉर्मेलिटी के दौरान वह सिस्टम को चकमा देकर बाहर निकल गया।
एजेंसियां कर रही हैं तलाश
जानकारी के मुताबिक, यह व्यक्ति एयरपोर्ट टर्मिनल से बाहर निकलकर सीधे दिल्ली शहर में घुस गया। अब दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में अभियान चला रही हैं। मामला सामने आने के बाद जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर वह कैसे इमिग्रेशन की निगरानी को पार कर एयरपोर्ट से बाहर निकल सका। जांच का फोकस एयरलाइंस के स्टाफ, ग्राउंड हैंडलिंग और इमिग्रेशन प्रक्रियाओं की उन कड़ियों पर है, जहां पर सुरक्षा में चूक हुई होगी।
पुलिस ने दर्ज की FIR
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है और संबंधित एयरलाइन स्टाफ से पूछताछ भी शुरू हो गई है। डिपोर्टी को आमतौर पर सख्त निगरानी में संभाला जाता है लेकिन यहां बड़ी चूक हुई है। ब्रिटिश नागरिक की लोकेशन अभी तक ट्रेस नहीं हो सकी है और उसकी धरपकड़ के लिए दिल्ली पुलिस और दूसरी सिक्योरिटी एजेंसियां कोशिश कर रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
